जबलपुर। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रिंकु शर्मा एवं संभागीय परिवहन उड़न दस्ता टीम द्वारा 27 अप्रैल 2026 को शहर के विभिन्न क्षेत्रों—सेंट अलॉयसियस, सदर बाजार, राइट टाउन, नेपियर टाउन, रसल चौक एवं जीसीएफ क्षेत्र—में संचालित स्कूल वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान कुल 27 स्कूल वाहनों की जांच की गई, जिनमें से जीसीएफ क्षेत्र में संचालित एक वाहन (क्रमांक एमपी 20 बीपी 3660) को नियमों के उल्लंघन पर जब्त किया गया।जांच के दौरान स्कूल वाहन प्रभारियों को छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु परिवहन से संबंधित माननीय उच्चतम न्यायालय की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।कलेक्टर जबलपुर द्वारा 23 फरवरी 2026 को जारी आदेश के अनुसार एलपीजी से संचालित वाहनों द्वारा स्कूली बच्चों के परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद कुछ वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। इस पर अधिकारियों ने सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए भविष्य में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को केवल मान्यता प्राप्त एवं सुरक्षित वाहनों से ही स्कूल भेजें।
प्रभारी राजेंद्र साहू ने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन पर आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
इस विशेष अभियान में प्रभारी राजेंद्र साहू, उप निरीक्षक अक्षय पटेल, परिवहन आरक्षक इम्तियाज हुसैन, पीयूष मरावी, आशुतोष मोघे, उमाशंकर उपाध्याय, अशोक खार्पडे, निमिषा तिवारी सहित समस्त स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।