जबलपुर, । पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल के मैहर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने तत्परता एवं साहस का परिचय देते हुए एक 70 वर्षीय बुजुर्ग यात्री की जान बचाई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 अक्टूबर को मैहर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर आरपीएफ में तैनात प्रधान आरक्षक श्री सुजीत कुमार द्विवेदी एवं महिला आरक्षक सुश्री सोनम सिंह ड्यूटी पर तैनात थे। दोपहर 13:10 बजे ट्रेन संख्या 09821 के प्लेटफॉर्म पर आगमन के बाद, 13:16 बजे ट्रेन के प्रस्थान के दौरान एक बुजुर्ग यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से यात्री फिसलकर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिरने लगा।स्थिति की गंभीरता को समझते हुए दोनों आरपीएफ कर्मियों ने तत्काल दौड़कर यात्री को पकड़ लिया और सुरक्षित रूप से प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया। उनकी त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया तथा बुजुर्ग यात्री की जान बच गई।पूछताछ में यात्री की पहचान श्री सुजीत कुमार केसरी, उम्र 70 वर्ष, निवासी अमला टोला, जिला बक्सर (बिहार) के रूप में हुई।जबलपुर रेल मंडल यात्रियों से अपील करता है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। ऐसा करना जानलेवा हो सकता है। यात्री सदैव ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ें और उतरें तथा रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करें।