जबलपुर। धन्वंतरि नगर स्थित जसूजा सिटी में आयोजित गरबा उत्सव के दौरान हिंदू संगठन के पदाधिकारियों के पहुंचने से तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। संगठन के पदाधिकारी गरबा में शामिल होने पहुंच रहे प्रतिभागियों के पहचान पत्रों की जांच करने पहुंचे थे। इस पर आयोजकों के निजी सुरक्षा कर्मियों ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और तीखी बहस के बाद झूमाझटकी शुरू हो गई।
घटनास्थल पर पुलिस बल की मौजूदगी के बीच हुए विवाद में संगठन की महिला पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर तैनात महिला बाउंसरों पर हाथापाई करने और जबरन धक्का देकर हटाने के आरोप लगाए। घटना की जानकारी मिलते ही संगठन के अन्य कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिससे वहां हंगामे की स्थिति बन गई।
मुख्य मार्ग पर चक्काजाम, वाहनों की लगी कतारें………
विवाद से नाराज कार्यकर्ताओं ने जसूजा सिटी के बाहर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क पर यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने तथा नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति नियंत्रित हुई और यातायात बहाल किया गया। घटना के संबंध में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।