जबलपुर। स्वच्छ एवं स्वस्थ रेल परिसर की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए जबलपुर रेल मंडल में आज 17 सितंबर 2026 को मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा के निर्देशन में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ का शुभारंभ किया गया। अभियान के अंतर्गत मंडल के विभिन्न कार्यालयों एवं स्टेशनों सहित रेलवे के विभिन्न डिपो तथा सभी विभागों में स्वच्छता एवं जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।यह स्वच्छता अभियान 17 सितंबर 2026 से 2 अक्टूबर 2026 तक जबलपुर रेल मंडल के सभी कार्यालयों, स्टेशनों, रेलवे डिपो एवं विभिन्न संस्थानों में व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ रेलकर्मियों, यात्रियों और आमजन की सहभागिता से स्वच्छ रेल परिसर की भावना को और मजबूत करना है।
नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश
अभियान के अंतर्गत जबलपुर रेल मंडल के जबलपुर स्टेशन पर यात्रियों एवं आमजन के बीच स्वच्छता संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। जबलपुर रेल मंडल की संस्कृत अकादमी के कलाकारों ने प्रभावी एवं रोचक प्रस्तुति के माध्यम से स्वच्छता के महत्व और स्वच्छ रेल परिसर के प्रति नागरिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में पश्चिम मध्य रेल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एनकेजे में विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। विद्यार्थियों को बायो टॉयलेट एवं सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के संबंध में डिजिटल माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।इस गतिविधि में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के साथ-साथ कचरे के उचित प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
*रेलवे हॉस्पिटल नरसिंहपुर में भी अभियान का शुभारंभ*
जबलपुर रेल मंडल के रेलवे हॉस्पिटल, नरसिंहपुर में भी स्वच्छता ही सेवा अभियान का शुभारंभ किया गया। अस्पताल परिसर में स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक जागरूकता प्रदान की गई।जबलपुर रेल मंडल द्वारा अभियान के दौरान स्वच्छता के साथ जनभागीदारी और जनजागरूकता को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से रेलकर्मियों, यात्रियों, विद्यार्थियों एवं आमजन को स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।