पीने के पानी की पाइप लाइनों की जांच के लिए समिति गठित, 25 दिन में देगी रिपोर्ट

जबलपुर। शहर में पीने के पानी की पाइप लाइनों के नालियों से होकर गुजरने के मामले की जांच के लिए समिति गठित की गई है। नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच के अध्यक्ष डॉ. पीजी नाजपांडे ने बताया कि महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ के निर्देश पर समिति मौके का निरीक्षण कर 25 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।समिति की बैठक 21 अगस्त को बुलाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। महापौर ने यह भी स्पष्ट किया है कि नगर निगम के आदेश के बावजूद जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं करने वाले अधिकारियों से स्पष्टीकरण लिया जाएगा और दोषी पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इधर, पूर्व जनसंगठनों ने महापौर कार्यालय के सामने एकत्र होकर दूषित पेयजल आपूर्ति और शहर में सफाई व्यवस्था में लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई। प्रतिनिधियों ने महापौर से चर्चा कर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।

सफाई व्यवस्था को लेकर भी निर्देश

महापौर ने जोन में पदस्थ स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट की समीक्षा के लिए जल्द बैठक आयोजित की जाएगी। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में कीटनाशक का छिड़काव और फॉगिंग कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।इस अवसर पर डॉ. पीजी नाजपांडे, टीके रायबक, डॉ. एबी श्रीवास्तव, मनीष शर्मा, यशवंत कोष्टा, डीके सिंह, संतोष श्रीवास्तव, पीएस राजपूत, अर्जुन कुमार परौहा, अशोक यादव, श्याम सोलंकी, मयंक राज, अंकित गोस्वामी, सुशीला कनोजिया, गीता पाण्डे, नंदलाल कोष्टा और राममिलन शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।