ऑनलाइन ठगों ने बुजुर्ग को बनाया शिकार, खाते से उड़ाए 3.98 लाख रुपये


जबलपुर। ऑनलाइन ठगी का नया मामला सामने आया है, जिसमें साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त कर्मचारी को कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर उसके बैंक खाते से करीब 3.98 लाख रुपये निकाल लिए। गोरखपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
सर्वेंट क्वार्टर हाथीताल निवासी 64 वर्षीय मिथलेश पटेल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ऑनलाइन कंपनी से 164 रुपये का हार मंगाया था। कुछ दिन बाद उनके मोबाइल पर कॉल आया और फोन करने वाले ने दावा किया कि उनके ऑर्डर में अवैध सामान पकड़ा गया है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कथित कार्रवाई से बचाने के नाम पर ठग ने पहले उनके फोन-पे पर एक रुपये भेजे। इसके बाद वीडियो कॉल और बातचीत का सिलसिला चलता रहा। 3 से 9 मई के बीच उनके बैंक खाते से कुल 12 ट्रांजेक्शन के जरिए 3 लाख 97 हजार 857 रुपये निकाल लिए गए। जब उन्होंने बैंक जाकर स्टेटमेंट निकलवाया तब ठगी का पता चला।
गोरखपुर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।