जबलपुर। आयुध निर्माणियों के निगमीकरण के विरोध में जीसीएफ के कर्मचारी 1 अक्टूबर को काला बैज लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। यूनाइटेड फोरम ऑफ ऑर्डिनेंस एम्प्लॉइज के आह्वान पर होने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न कर्मचारी एवं अधिकारी संगठन शामिल होंगे।आयुध निर्माणियों के कर्मचारियों के अनुसार, 1 अक्टूबर 2021 को देश की 41 आयुध निर्माणियों को सात नवगठित निगमों में विभाजित किया गया था। सरकार इस दिन को स्थापना दिवस के रूप में मनाती है, जबकि कर्मचारी संगठन निगमीकरण के फैसले का लगातार विरोध करते रहे हैं।इसी विरोध के तहत कर्मचारियों ने सरकारी स्तर पर मनाए जाने वाले 1 अक्टूबर के स्थापना दिवस का बहिष्कार करने और 18 मार्च को आयुध निर्माणियों का वास्तविक स्थापना दिवस मानने का निर्णय लिया है। कर्मचारी संगठनों की ओर से हर वर्ष 1 अक्टूबर को निगमीकरण के विरोध में देशभर की आयुध निर्माणियों में प्रदर्शन किया जाता है।इसी सिलसिले में जीसीएफ ब्रांच में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि 1 अक्टूबर को मस्टर-इन के समय कर्मचारी काला बैज धारण कर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे।इस कार्यक्रम में ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉइज फेडरेशन (AIDEF), भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ, SIDRA, अराजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन सहित यूनाइटेड फोरम से जुड़े अन्य संगठनों की भागीदारी रहेगी।कर्मचारी संगठनों का कहना है कि प्रदर्शन के जरिए निगमीकरण के निर्णय के प्रति विरोध दर्ज कराने के साथ आयुध निर्माणियों की ऐतिहासिक पहचान और सार्वजनिक क्षेत्र में उनकी भूमिका को रेखांकित किया जाएगाकार्यक्रम की जानकारी AIDEF के मीडिया प्रमुख उत्तम विश्वास ने दी।