जबलपुर। धनवंतरी नगर क्षेत्र में गणेश पंडाल के पोल में फैले करंट की चपेट में आने से 16 वर्षीय स्कूली छात्र शौर्य चनपुरिया की मौत के मामले में मंगलवार को उसके सहपाठियों का आक्रोश सामने आया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ को हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपकर घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।छात्र-छात्राओं ने कहा कि शौर्य की मौत को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक मामले में दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि धनवंतरी नगर पुलिस अभी तक जांच पूरी नहीं कर सकी है। छात्र-छात्राओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
आरती के बाद लौट रहा था शौर्य
जसूजा सिटी फेज-3 निवासी शौर्य चनपुरिया (16) अपने घर के पास लगाए गए गणेश पंडाल में बुधवार को आरती में शामिल होने गया था। आरती समाप्त होने के बाद जब वह वापस लौट रहा था, तभी पंडाल के पोल में फैले करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे तत्काल मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
निष्पक्ष जांच का आश्वासन
ज्ञापन सौंपने पहुंचे छात्र-छात्राओं ने मामले की जांच में तेजी लाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ ने उन्हें मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ये छात्र-छात्राएं रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने वालों में शहद गुरनानी, दिव्यांश सिंह, भव्या मंधवानी, अनंत शिवहरे, सूर्यांश गुप्ता, शौर्य दुबे, पर्व अग्रवाल, निमिष ताम्रकार, भाग्यशाली अरजानी, अथर्व गुप्ता, यश ठाकुर, राज, अथर्व यादव, अनंत मिश्रा, सात्विक दुबे, देवांश जैन, अमन तिवारी और विनय तिवारी सहित अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।