जबलपुर। मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MANIT), भोपाल के छात्र-छात्राओं ने विशेष अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम के तहत संस्कारधानी जबलपुर का दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नगर निगम द्वारा संचालित विकास कार्यों, पर्यावरण संरक्षण की पहल और आधुनिक तकनीकी नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने निगम की विभिन्न परियोजनाओं का अवलोकन कर नगरीय प्रबंधन की कार्यप्रणाली को समझा।
एसटीपी का किया निरीक्षण….
अध्ययन भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने डुमना नेचर पार्क पहुंचकर वहां की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता को करीब से देखा। इसके साथ ही वेस्ट टू एनर्जी प्लांट और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भ्रमण कर कचरे से ऊर्जा उत्पादन, अपशिष्ट प्रबंधन और सीवेज के उपचार की प्रक्रियाओं की तकनीकी जानकारी हासिल की।
इन परियोजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था, संसाधनों के बेहतर उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के व्यावहारिक पहलुओं को समझा।
निगमायुक्त से की चर्चा…………
भ्रमण के बाद MANIT के विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों ने निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार से सौजन्य भेंट की। इस दौरान शहर में संचालित विकास कार्यों, नगर निगम की कार्यप्रणाली और तकनीकी नवाचारों पर चर्चा हुई। विद्यार्थियों ने नगरीय विकास से जुड़े अपने सवाल रखे और निगमायुक्त से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मां नर्मदा के संरक्षण पर शोध करने की दी प्रेरणा………
बैठक के दौरान निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने मां नर्मदा के महत्व, उसके प्रवाह और पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी देते हुए नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को नर्मदा नदी के संरक्षण से जुड़े विषयों पर तकनीकी शोध और अकादमिक अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
निगमायुक्त ने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के शोध और नवाचार पर्यावरण संरक्षण तथा शहरी विकास की चुनौतियों के समाधान में उपयोगी साबित हो सकते हैं।
विद्यार्थियों ने निगमायुक्त से मिले मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर निगम के अपर आयुक्त, उपायुक्त एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा MANIT भोपाल की प्रोफेसर डॉ. सुरभि मेहरोत्रा उपस्थित रहीं।