जबलपुर। बारिश का मौसम आते ही जिले के प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। हरियाली, झरने और पहाड़ों के बीच सुकून तलाशने पहुंच रहे पर्यटक अक्सर इस बात को नजरअंदाज कर देते हैं कि प्रकृति जितनी खूबसूरत होती है, उतनी ही खतरनाक भी हो सकती है। कटंगी के पास स्थित निदान फॉल इसका सबसे बड़ा उदाहरण बनता जा रहा है, जहां पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
बारिश के बाद उफान पर आने वाला निदान फॉल इन दिनों युवाओं और पिकनिक मनाने वालों की पसंदीदा जगह बना हुआ है। सप्ताहांत पर बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं। कई युवक चेतावनियों की परवाह किए बिना फिसलन भरे पथरीले रास्तों से होते हुए झरने के बिल्कुल पास और गहरे कुंड तक पहुंच रहे हैं। कुछ लोग चट्टानों से छलांग लगाकर नहाने का जोखिम भी उठा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि झरने के नीचे गहरा कुंड है। ऊपर से फिसलने या संतुलन बिगड़ने पर व्यक्ति सीधे गहरे पानी में जा सकता है। बारिश के दौरान अचानक पानी का बहाव बढ़ना यहां सबसे बड़ा खतरा है, लेकिन इसके बावजूद मौके पर न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग है और न ही स्थायी सुरक्षा व्यवस्था।
हर बारिश में दोहराया जाता है खतरा
निदान फॉल का इतिहास बताता है कि यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। हाल ही में दो युवक चट्टानों पर बैठे थे, तभी अचानक पानी का स्तर बढ़ गया और दोनों बीच चट्टानों पर फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इससे पहले भी यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान तक जा चुकी है।
सिर्फ चेतावनी काफी नहीं
कटंगी पुलिस का कहना है कि समय-समय पर लोगों को झरने से दूर रहने की समझाइश दी जाती है, लेकिन सवाल यह है कि केवल चेतावनी देकर जिम्मेदारी पूरी हो जाती है या फिर ऐसे संवेदनशील पर्यटन स्थलों पर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था भी जरूरी है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के पूरे सीजन में यहां बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, होमगार्ड या पुलिस की नियमित तैनाती, खतरनाक क्षेत्रों में प्रवेश पर रोक और आपातकालीन बचाव व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
रोमांच और लापरवाही का खतरनाक मेल
हर साल बारिश के मौसम में लोग प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने झरनों और पहाड़ियों की ओर निकल पड़ते हैं। लेकिन एक सेल्फी, एक जोखिम भरी छलांग या कुछ कदम आगे बढ़ने की जिद कई बार जिंदगी पर भारी पड़ जाती है।निदान फॉल की खूबसूरती लोगों को अपनी ओर जरूर खींचती है, लेकिन यह खूबसूरती तभी तक है, जब तक सावधानी साथ हो। यदि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई और पर्यटक भी सतर्क नहीं हुए, तो यह पर्यटन स्थल फिर किसी बड़े हादसे की वजह बन सकता है।