जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने क्षेत्र में चार अलग-अलग मकानों में चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर करीब सात लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप दीप घसिया (25) और चिंटू उर्फ अनूप कुमार (30), दोनों निवासी घसिया कॉलोनी, ठक्कर ग्राम, अधारताल के रूप में हुई है। अनूप कुमार मूल रूप से छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई पावर हाउस क्षेत्र का निवासी है। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों की पतासाजी और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए कार्रवाई की जा रही थी। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-3 मनीष भारद्वाज और नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
**सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग**
पुलिस टीम ने चोरी की घटनाओं वाले स्थानों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। फुटेज में मिले हुलिये के आधार पर संदिग्धों की तलाश करते हुए पुलिस ने महाराजपुर, अधारताल से दोनों आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अधारताल क्षेत्र के चार अलग-अलग मकानों में ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी के जेवर अपने घरों में छिपाकर रखने और नकदी खर्च कर देने की जानकारी दी।
**जून से अक्टूबर के बीच चार वारदातें**
पुलिस के मुताबिक, पहली घटना रविंद्र नगर, जेडीए पंप हाउस के सामने रहने वाले अंकुर तिवारी के घर हुई थी। शिकायत के अनुसार, परिवार के सदस्य अस्पताल गए थे, इसी दौरान अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, घड़ियां, नकदी और सीसीटीवी कैमरा चोरी कर ले गए थे।दूसरी घटना टाटा चौराहा, रिछाई औद्योगिक क्षेत्र में हुई, जहां उमा यादव की दुकान में रखी अलमारी का ताला तोड़कर सोने की नथ, चांदी की पायल, चूड़ियां और अन्य जेवर चोरी किए गए थे।तीसरी वारदात महाकौशल नगर में रहने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारी शिवबहादुर सिंह के घर हुई। वे पत्नी के साथ इलाज कराने के लिए बेंगलुरु गए थे। लौटने पर घर के ताले टूटे मिले और अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, मोबाइल फोन, नकदी तथा विदेशी मुद्राएं गायब थीं।चौथी घटना पुष्पक नगर के बाबा की बगिया क्षेत्र में हुई। सुरेंद्र कुमार यादव परिवार के साथ दुर्गा प्रतिमा देखने गए थे। इसी दौरान घर का ताला तोड़कर सोने की नथ, बेंदी, चांदी के सिक्के और पायल चोरी कर ली गई थी।
**जेवर और चांदी की बड़ी खेप बरामद**
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने की दो अंगूठियां, एक नथ, एक बेंदी सहित करीब 25 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा चांदी का करधन, छह चूड़ियां, छह जोड़ी पायल, आठ सिक्के, एक लॉकेट, तीन छत्र, एक मूर्ति, एक बेड़ी, नौ बिछिया और पांच बेलपत्र सहित करीब 1500 ग्राम चांदी की सामग्री जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, बरामद जेवरों की कुल कीमत लगभग सात लाख रुपये है।दोनों आरोपियों के खिलाफ अधारताल थाने में दर्ज चारों नकबजनी के प्रकरणों में कार्रवाई की गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। मामले का खुलासा करने में थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार सहित उप निरीक्षक अनिल गौर, सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र बड़गैया तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।