जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी(एम पी ट्रांसको)के चार सहायक अभियंता ( अस्सिटेंट इंजीनियर) प्रशिक्षुओं ने 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन पर फ्लैशओवर से प्रभावित डिस्क इंसुलेटर के रिप्लेसमेंट हेतु लिए गए शटडाउन कार्य के दौरान महत्वपूर्ण व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। यह व्यावहारिक प्रशिक्षण संपूर्ण मध्यप्रदेश मे एम पी ट्रांसको के विभिन्न फील्ड कार्यालयों द्वारा अभियंताओं के छोटे छोटे समूहों को दिया जा रहा है।
प्रशिक्षुओं ने शटडाउन लेने की संपूर्ण प्रक्रिया, सुरक्षा मानकों, वर्क परमिट व्यवस्था, लाइन को सुरक्षित रूप से आइसोलेट करने की कार्यवाही तथा कार्यस्थल पर उपयोग किए जाने वाले विभिन्न टूल्स की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने डिस्क इंसुलेटर बदलने की वास्तविक प्रक्रिया को निकट से देखा और ट्रांसमिशन लाइन के मेंटेनेंस कार्यों की तकनीकी बारीकियों को समझा। विद्युत क्षेत्र के अभियंताओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण इस प्रकार के फील्ड प्रशिक्षण में सुरक्षा प्रक्रियाओं एवं उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ ।
*-इन्होने दिया फील्ड प्रशिक्षण*-
मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी भोपाल के कार्यपालन अभियंता श्री रवि चौरसिया एवं सहायक अभियंता श्री अंकित महरौलिया ने स्वयं प्रशिक्षुओं को शटडाउन प्रबंधन, कार्यस्थल पर सुरक्षा तथा एक्स्ट्रा हाई टेंशन लाइनों के रखरखाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रशिक्षुओं को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक कार्य परिस्थितियों में कार्य निष्पादन की समझ विकसित करने का अवसर मिला।