पूर्व चुनाव प्रत्याशी सुरेश लोधी ‘गुड्डू भाई’ ने थामा मजदूर संघ हथौड़ा का दामन

जबलपुर। जीसीएफ (गन कैरिज फैक्ट्री) में आगामी कार्य समिति चुनाव-2026 से पहले श्रमिक राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव सामने आया है। पूर्व में “मिले हाथ” यूनियन से कार्य समिति चुनाव प्रत्याशी रहे सुरेश लोधी ‘गुड्डू भाई’ ने अपने अनेक समर्थकों के साथ लाल झंडा मजदूर संघ हथौड़ा की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉयड फेडरेशन के मीडिया प्रमुख उत्तम विश्वास ने बताया कि सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में मजदूर संघ हथौड़ा के पदाधिकारियों ने श्री सुरेश लोधी का स्वागत किया। इस अवसर पर यूनियन के जेसीएम-2 राजा पांडे, अध्यक्ष विनय गुप्ता और कार्य समिति सचिव अमित चंदेल ने कहा कि सुरेश लोधी के अनुभव, सक्रियता और श्रमिक हितों के प्रति समर्पण से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।सदस्यता ग्रहण करने के बाद सुरेश लोधी ‘गुड्डू भाई’ ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा, पारदर्शी कार्यशैली और संघर्षशील नेतृत्व से प्रभावित होकर उन्होंने मजदूर संघ हथौड़ा से जुड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।उन्होंने कहा कि उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी मजदूर संघ हथौड़ा से जुड़ने के लिए तैयार हैं। आने वाले समय में कई कर्मचारी संगठन की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
यूनियन के महामंत्री रोहित यादव ने कहा कि कर्मचारियों का बढ़ता विश्वास यह दर्शाता है कि मजदूर संघ हथौड़ा श्रमिकों के अधिकार, सम्मान और समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है। आगामी कार्य समिति चुनाव-2026 में संगठन को कर्मचारियों का व्यापक समर्थन मिलने की उम्मीद है।सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में यूनियन पदाधिकारियों के साथ संजय थपलियाल, सुरेश जाटव, भीम संजय मेहर, मनोज सोनकर, अभिषेक कुरील, लोकमान ढीमर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।