जबलपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में देशभर में दूसरा स्थान हासिल कर संस्कारधानी जबलपुर ने एक बार फिर अपनी पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत की है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शहर में जश्न का माहौल है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर गुरुवार को जबलपुर लौटे महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू का डुमना एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। महापौर के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में शहरवासियों का जमावड़ा लगा रहा। ढोल-नगाड़ों की गूंज और आतिशबाजी के बीच महापौर का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया। जबलपुर को राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए महापौर को बधाई दी।
नगर निगम में भी हुआ भव्य अभिनंदन…..
एयरपोर्ट से नगर निगम कार्यालय पहुंचने पर भी स्वागत का सिलसिला जारी रहा। यहां पार्षदों, निगम अधिकारियों, कर्मचारियों और समर्थकों ने महापौर का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया। इस दौरान स्वच्छता में मिली सफलता को नगर निगम, सफाई मित्रों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया गया।
जनता और सफाई मित्रों को दिया उपलब्धि का श्रेय…
मीडिया से चर्चा करते हुए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में मिला दूसरा स्थान किसी एक व्यक्ति या संस्था का सम्मान नहीं, बल्कि पूरे जबलपुर का गौरव है। शहरवासियों के सहयोग और सफाई मित्रों की दिन-रात की मेहनत के कारण यह उपलब्धि संभव हो सकी है। उन्होंने राष्ट्रीय सम्मान को शहर की जनता और सफाई कर्मचारियों को समर्पित किया।
इन्होंने किया स्वागत….
डुमना एयरपोर्ट पर भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, एमआईसी सदस्य रजनी कैलाश साहू, पार्षद प्रतिभा विन्धेश भापकर, महेश राजपूत, एमआईसी सदस्य डॉ.सुभाष तिवारी, पार्षद निशा संजय राठौर, एमआईसी सदस्य अंशुल राघवेंद्र यादव, पार्षद सोनिया ठाकुर, के अलावा बड़ी संख्या में नगर निगम के अधिकारी कर्मचारियों ने पुष्प मालाओं से महापौर का स्वागत किया| इस अवसर पर तत्कालीन निगम अध्यक्ष रिंकु बिज, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, वर्तमान निगमायुक्त अग्रिम कुमार मौजूद रहे|