जबलपुर। गोलबाजार क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़ी स्मार्ट स्ट्रीट लाइटों को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने नाराजगी जताई। सचेतक अयोध्या तिवारी के नेतृत्व में पार्षदों ने स्मार्ट सिटी कार्यालय पहुंचकर अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव को प्रतीकात्मक रूप से लालटेन भेंट की। पार्षदों ने कहा कि क्षेत्र में अंधेरे की समस्या से नागरिकों को परेशानी हो रही है और कई बार शिकायत के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ है।सचेतक अयोध्या तिवारी ने कहा कि गोलबाजार की स्ट्रीट लाइटों की खराबी के संबंध में पूर्व में कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त और स्मार्ट सिटी अधिकारियों तक भी समस्या पहुंचाई गई, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि सड़क पर पर्याप्त रोशनी केवल सुविधा का विषय नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा और सुचारु आवागमन से भी जुड़ा है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगाई गई स्ट्रीट लाइटें यदि लंबे समय तक बंद रहेंगी तो व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने कहा कि जब स्मार्ट स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद हैं तो जनता को अंधेरे में रहने के लिए मजबूर क्यों होना पड़े। उन्होंने कहा कि यदि स्मार्ट लाइटें रोशनी नहीं दे पा रही हैं तो कम से कम लालटेन ही जनता को रास्ता दिखा दे।
पार्षद दल की प्रमुख मांगें
पार्षद दल ने स्मार्ट सिटी प्रबंधन से गोलबाजार क्षेत्र की सभी बंद स्ट्रीट लाइटों का तत्काल स्थल निरीक्षण कराने, खराब लाइट और संबंधित पोल की सूची तैयार करने तथा खराबी का कारण स्पष्ट कर आवश्यक मरम्मत या प्रतिस्थापन कराने की मांग की। इसके साथ ही कार्य के लिए स्पष्ट समयसीमा निर्धारित कर पार्षद दल को जानकारी देने तथा यदि किसी ठेकेदार या एजेंसी की रखरखाव की जिम्मेदारी है तो उसकी जवाबदेही तय करने की मांग की गई।पार्षदों ने भविष्य में लाइटों के बार-बार खराब होने की समस्या रोकने के लिए नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
आश्वासन नहीं, परिणाम चाहिए
अयोध्या तिवारी ने कहा कि पार्षद दल का उद्देश्य केवल विरोध प्रदर्शन करना नहीं है। उनकी मांग है कि अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति देखें और नागरिकों को राहत दिलाएं। उन्होंने कहा कि पार्षद दल अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए समस्या को कई बार अधिकारियों के संज्ञान में ला चुका है। अब संबंधित विभाग को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर जलती हुई स्ट्रीट लाइट चाहिए।इस दौरान उपनेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता गुड्डू नबी, सत्येंद्र गुड्डा चौबे, राकेश पांडे, प्रमोद पटेल, गुड्डू तामसेतवार, मुकीमा याकूब अंसारी, अख्तर अंसारी, वकील अंसारी सहित अन्य उपस्थित रहे।