ब्लॉक कराए गए क्रेडिट कार्ड से ठग ने उड़ाए 1 लाख 62 हजार

बैंक के रीजनल वेल्थ मैनेजर के साथ सायबर फ्रॉड

जबलपुर।  मदनमहल थाना क्षेत्र में बैंक ऑफ बड़ौदा के रीजनल वेल्थ मैनेजर के साथ ऑनलाइन फ्रॉड का एक बड़ा मामला सामने आया है। बिना ओटीपी और लिंक क्लिक किए बगैर ब्लॉक क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 62 हजार रुपए सायबर ठग ने खाते से निकाल लिए|

घटना के संबंध में मदनमहल पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार इंद्रा पार्क स्नेहनगर निवासी 37 वर्षीय बैंक ऑफ बड़ौदा रीजनल वेल्थ मैनेजर आशीष चंद्रा के मोबाइल पर गत  25 अप्रैल को दो ओटीपी आए। उन्होंने न तो किसी को ओटीपी साझा किया और न ही किसी लिंक पर क्लिक किया, इसके बावजूद उनके बैंक ऑफ बड़ौदा के क्रेडिट कार्ड से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन हो गए। पहला ट्रांजेक्शन सुबह 9:46 बजे 81,045.74 रुपये का और दूसरा सुबह 9:57 बजे 81,735.70 रुपये का टाटा पेमेंट्स लिमिटेड के नाम पर हुआ।

घटना के तुरंत बाद उन्होंने अपना क्रेडिट कार्ड स्थायी रूप से ब्लॉक करा दिया। पीड़ित ने बताया कि इससे पहले 20 अप्रैल 2026 को भी संदिग्ध मैसेज मिलने पर उन्होंने अपना कार्ड ब्लॉक कर दिया था और बाद में उसे अनब्लॉक भी नहीं कराया था, उसके बाद भी उसके कार्ड पर उक्त ट्रांजेक्शन हुये है।

अज्ञात आरोपी द्वारा कुल 1 लाख 62 हजार 781 रुपये की धोखाधड़ी किए जाने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने प्रकरण में धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।