जबलपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर यात्रियों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और विवाद कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर रहे तीन किन्नरों के खिलाफ जीआरपी ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। तीनों आरोपी इटारसी निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने समझाइश के बावजूद विवाद खत्म नहीं करने पर उन्हें हिरासत में लिया और प्रकरण तैयार कर एसडीएम न्यायालय के समक्ष पेश किया।जानकारी के मुताबिक, जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर आने-जाने वाली ट्रेनों के यात्रियों के साथ तीन किन्नरों द्वारा कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया जा रहा था। इस दौरान गाली-गलौज और विवाद की स्थिति भी बन रही थी। यात्रियों की परेशानी और मौके पर बिगड़ते माहौल को देखते हुए जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिसकर्मियों ने तीनों को समझाइश देकर शांति बनाए रखने की हिदायत दी, लेकिन वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। स्थिति बिगड़ने और संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए जीआरपी ने तीनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में बबली किन्नर उर्फ गुरु रेशम खान (45), निवासी इटारसी, कुसुम कुमारी किन्नर उर्फ गुरु रेशम खान (25), निवासी नाला मोहल्ला, इटारसी तथा मनू किन्नर उर्फ गुरु रेशमा खान (20), निवासी नाला मोहल्ला, इटारसी शामिल हैं।
तीनों के विरुद्ध धारा 170, 126(बी) और 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार किया गया। इसके बाद उन्हें एसडीएम रांझी, जबलपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जीआरपी का कहना है कि रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर यात्रियों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।