जबलपुर। गढ़ा गोंडवाना का ऐतिहासिक दशहरा चल समारोह गुरुवार को अपनी परंपरा, भव्यता और धार्मिक वैभव के साथ निकाला गया। श्री रामलीला समिति गढ़ा के नेतृत्व में संकट मोचन मंदिर, गौतम गंज से रात्रि 7 बजे भगवान श्रीराम, लक्ष्मण एवं हनुमान जी के पूजन-अर्चन के साथ चल समारोह का शुभारंभ हुआ। ढोल-नगाड़ों की गूंज, बैंड की धुन, दुलदुल घोड़ी का नृत्य, आकर्षक झांकियों और आतिशबाजी के बीच निकले इस भव्य समारोह में 25 प्रतिमाएं शामिल हुईं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह एवं महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू सहित रामलीला समिति के संचालक अशोक मनोध्याय, दशहरा चल समारोह अध्यक्ष अजय तिवारी ‘धतुरहा’, समिति अध्यक्ष एवं निर्देशक राजेश मिश्रा, महामंत्री एडवोकेट अरुण दीक्षित, राकेश पाठक, लोकराम कोरी, मनोज पाटकर एवं संकट मोचन मंदिर समिति के सदस्यों ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण एवं हनुमान जी का पूजन-अर्चन किया। अतिथियों के स्वागत के पश्चात जय श्रीराम के उद्घोष के साथ शोभायात्रा आगे बढ़ी।
झांकियों ने मोहा मन………….
श्री रामलीला समिति की ओर से निकाली गई झांकियों में रथ पर विराजमान भगवान शिव, श्रीराम-रावण युद्ध का जीवंत दृश्य, नौ देवियों की झांकी तथा रावण, मेघनाद एवं कुंभकरण के विशाल पुतले विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। आधुनिक विद्युत सज्जा से सुसज्जित झांकियों और आतिशबाजी ने समारोह की भव्यता में चार चांद लगा दिए। मेजर बीटी तिराहे पर विभिन्न झांकियों एवं देवी प्रतिमाओं के एक साथ सम्मिलित होने से चल समारोह ने विराट स्वरूप धारण कर लिया।
ऐतिहासिक शोभायात्रा शुक्ला नगर से प्रारंभ होकर एकता चौक, मेजर बीटी तिराहा, आनंदकुंज, पंडा की मढ़िया, त्रिपुरी तिराहा एवं देवताल होते हुए गढ़ा रामलीला मैदान पहुंची। पूरे मार्ग में जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
रामलीला मैदान में परंपरानुसार भगवान श्रीराम द्वारा रावण, कुंभकरण एवं मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया।
चल समारोह में मंडल अध्यक्ष प्रणय गुप्ता, पार्षद प्रिया संजय तिवारी, पूजा श्रीराम पटेल, मनीष महेश पटेल, सनातन धर्म महासभा के अध्यक्ष श्याम साहनी, कोषाध्यक्ष गुलशन माखिजा, रमाशंकर कटारे, राजेंद्र प्यासी, हरीश मनोध्याय, नीलेश चौबे, पंकज अवस्थी, देवेंद्र मनोध्याय, मदन गोपाल पटेल, भूपेंद्र उपाध्याय, भोलाराम खत्री, सह-निर्देशक मोती शिवहरे, व्यास माधव दुबे, राकेश मिश्रा, राजेश नेमा, केदार शर्मा, आदि उपस्थित रहे।