पनागर। नगर के पनागर थाना के सामने लगे ट्रांसफार्मर के पास बिजली के तारों का जंजाल लोगों के लिए बड़ी परेशानी और खतरे का कारण बन गया है। ट्रांसफार्मर के आसपास कई तार नीचे की ओर झूल रहे हैं, वहीं पास में रोज छोटे बच्चे खेलते नजर आते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
रहवासियों के अनुसार मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के कर्मचारी अक्सर यहां मरम्मत कार्य करने आते हैं, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद तारों को व्यवस्थित करने के बजाय उन्हें उसी हालत में छोड़कर चले जाते हैं। इससे क्षेत्र में डर और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन खुले और झूलते तारों को सही नहीं किया गया तो किसी मासूम की जान भी खतरे में पड़ सकती है। खासकर बारिश के मौसम में यह समस्या और अधिक गंभीर हो सकती है।
स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि ट्रांसफार्मर के आसपास फैले तारों को तुरंत व्यवस्थित किया जाए और सुरक्षा के उचित इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।