जबलपुर। शहर और आसपास के इलाकों में महिलाओं के कान से सोने की झुमकियां झपटकर उनके कान फाड़ आतंक मचाने वाले गिरोह का क्राइम ब्रांच और अधारताल पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने दो नाबालिगों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह सोने की झुमकियां और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम जितेंद्र सिंह ने यहां पुलिस कंट्रोलरुम में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि हाल ही में एक हफ्ते के दौरान अधारताल, बरगी, तिलवारा, माढ़ोताल और पनागर थाना क्षेत्रों में लगातार झपटमारी की वारदातों को अंजाम दिया। अधिकांश घटनाओं में महिलाएं अपने परिजनों के साथ बाइक से जा रही थीं। आरोपियों ने चलती बाइक के पास पहुंचकर उनके कान से झुमके झपट लिए, जिससे चार महिलाओं के कान फट गए और वे घायल हो गईं।
क्राईम ब्रांच और अधारताल की संयुक्त टीम ने सीसीटीव्ही फुटेज एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों के गिरेबान तक अपने हाथ पहुंचाएं| अधारताल के आनंद नगर क्षेत्र से यादव कालोनी लार्डगंज निवासी 21 वर्षीय हिमांशु केवट, ग्राम छत्तरपुर, पनागर निवासी 25 वर्षीय संतोष कोरी सहित दो 17 वर्षीय नाबालिग लड़कों को भी हिरासत में लिया गया है।
समदड़िया मॉल की पार्किंग से चोरी की थी बाईक………
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वारदातों के लिए उन्होंने समदड़िया मॉल की पार्किंग से चोरी की गई मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया था। इसी बाइक से घूम-घूमकर महिलाओं को निशाना बनाया जाता था। पुलिस ने आरोपियों से छह लूटी गई सोने की झुमकियां और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
इस गैंग को पकड़ने में क्राईम ब्रांच के थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा, अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार, क्राईम ब्रांच के एसआई प्रभाकर सिंह, क्राईम ब्रांच के एएसआई अशोक मिश्रा, कैलाश मिश्रा, मोहन तिवारी, हवलदार सतेंद्र सिंह, मोहन थापा आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही|