जबलपुर। कैंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रानी अवंती बाई वार्ड यानी भटौली क्षेत्र में फर्नीचर क्लस्टर की स्थापना के लिए जमीन आवंटित करने की मांग की गई है। कैंट विधायक अशोक रोहाणी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलकर पत्र सौंपा, जिसमें क्लस्टर सम्बन्धी जानकारी दी गयी है।
विधायक ने पत्र में जानकारी दी है कि इस क्षेत्र में फर्नीचर उद्योग से जुड़े कई छोटे और मध्यम उद्यमी काम कर रहे हैं। क्लस्टर बनने से फर्नीचर बनाने की लागत कम हो जाएगी और जबलपुर एक प्रमुख फर्नीचर हब के रूप में उभर सकेगा। विधायक ने आग्रह किया कि भटौली क्षेत्र में उपलब्ध शासकीय भूमि को फर्नीचर क्लस्टर के लिए आरक्षित किया जाए। साथ ही उन्होंने संबंधित विभाग को अधोसंरचना विकास के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।