जबलपुर – लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने बरगी डेम में क्रूज पलटने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। घटना की सूचना मिलते ही श्री सिंह डुमना एयरपोर्ट से सीधे मौके पर पहुँचे तथा राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया। श्री सिंह ने
संबंधित अधिकारियों को सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुये मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। श्री सिंह ने बताया कि क्रूज में 29 यात्री सवार थे, जिनमें से 15 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 4 मृतकों के शव बरामद किए गए हैं। शेष की तलाश का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्य पूर्ण होने के पश्चात घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी। उन्होंने सुरक्षित बचाये गये यात्रियों के समुचित उपचार के निर्देश दिये।
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह के साथ सांसद श्री आशीष दुबे, विधायक श्री नीरज सिंह, विधायक श्री संतोष वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया भी मौके पर मौजूद हैं।
कंट्रोल रूम स्थापित…….
बरगी बांध में क्रूज पलटने की घटना के संबंध में सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिये कलेक्टर कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नम्बर 0761-2624355 है। कंट्रोल रूम का इंचार्ज वीरेन्द्र सिंह को बनाया गया है और यह रात भर चालू रहेगा। कंट्रोल रूम से संपर्क कर कोई भी व्यक्ति घटना में मिसिंग व्यक्तियों के बारे में या अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों का आदान-प्रदान कर सकेगा।