जबलपुर।मध्य प्रदेश में अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू कराने की दिशा में जल्द प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही अधिवक्ताओं के लिए विशेष बीमा योजना भी शुरू की जाएगी। यह घोषणा मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष शैलेन्द्र वर्मा ने सोमवार को जिला अधिवक्ता संघ जबलपुर द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में की।उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा, सामाजिक और आर्थिक कल्याण से जुड़े मुद्दे प्राथमिकता में हैं। प्रोटेक्शन एक्ट लागू कराने के लिए आवश्यक स्तर पर पहल की जाएगी, ताकि वकीलों को अपने पेशे के दौरान सुरक्षा मिल सके। वहीं, विशेष बीमा योजना के माध्यम से अधिवक्ताओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में भी कदम उठाया जाएगा।समारोह के प्रारंभ में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने स्वागत भाषण देते हुए स्टेट बार काउंसिल के समक्ष अधिवक्ताओं की विभिन्न समस्याओं और उनकी सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अधिवक्ताओं के हितों के संरक्षण और कल्याण के लिए आवश्यक पहल करने की अपेक्षा जताई।इस अवसर पर स्टेट बार काउंसिल के को-चेयरमैन मनीष तिवारी, सुनील मिश्रा, राशिद सुहैल सिद्दीकी, आरके सिंह सैनी, नवीन शुक्ला तथा हाईकोर्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शशांक शेखर का स्वागत एवं सम्मान किया गयाकार्यक्रम का संचालन जिला अधिवक्ता संघ के सचिव शैलेन्द्र सिंह ठाकुर ने किया। संघ की उपाध्यक्ष सुनीता गुप्ता ने अतिथियों एवं उपस्थित अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सचिव असीम त्रिवेदी, जिला अधिवक्ता संघ के सह सचिव शैलेन्द्र यादव, कोषाध्यक्ष नेहा मिश्रा सहित कार्यकारिणी सदस्य रीता नौटियाल, सुदीप सिंह सैनी, प्रशांत नायक, शशि तिवारी, अमित आचार्य, विद्या कुशवाहा, अर्जुन साहू, अमित कोहली, आशीष पाण्डेय, धीरज खुल्लर, प्रदीप परसाई (बाबा) और विकास कुमार संतु सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।