इलाज के लिए अस्पताल चुनना नागरिक का अधिकार, पुलिस नहीं कर सकती तय: हाईकोर्ट

जबलपुर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने सिवनी में पुलिस बस से हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत के मामले में राज्य सरकार और पुलिस विभाग को कड़ी फटकार लगाई है। अदालत ने स्पष्ट टिप्पणी की कि कोई नागरिक अपना इलाज कहां और किस अस्पताल में कराएगा, यह तय करने का अधिकार पुलिस को नहीं है। पीड़ित परिवार नागपुर के निजी अस्पताल में इलाज कराने के बजाय मंडला में भी उपचार करा सकता था, पुलिस की इस दलील को हाईकोर्ट ने हास्यास्पद करार दिया।जस्टिस विवेक अग्रवाल की एकलपीठ ने मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की ओर से दाखिल सभी छह अपीलें खारिज कर दीं। अदालत ने प्रत्येक अपील पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। इसके साथ ही मृतकों के परिजनों को मिलने वाले मुआवजे की राशि में भी बढ़ोतरी की है।

नागपुर से इलाज कराकर लौट रहा था परिवार, पुलिस बस ने मारी थी टक्कर**

मामला मंडला के सरदार भगत सिंह वार्ड निवासी प्रीति विजय पमनानी और उनके परिवार से जुड़ा है। परिवार 5 अप्रैल 2024 को कार से इलाज कराने नागपुर गया था। उसी रात करीब 1:15 बजे नागपुर से लौटते समय केवलारी के पहले पुलिस बस ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में कार में सवार चालक काजू महोबिया, निखलेश जसवानी और कन्हैया जसवानी की मौत हो गई थी।इस मामले में मंडला के मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने 16 सितंबर 2025 को मृतकों के परिजनों को 48.26 लाख रुपये तथा चालक काजू महोबिया के परिवार को 18.19 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया था। इस फैसले को चुनौती देते हुए डीजीपी की ओर से हाईकोर्ट में छह अपीलें दायर की गई थीं।

मरीज कहां इलाज कराएगा, यह पुलिस कैसे तय करेगी?’

सुनवाई के दौरान पुलिस की ओर से तर्क दिया गया कि घायलों ने नागपुर के बड़े अस्पतालों में इलाज कराकर भारी-भरकम मेडिकल बिल तैयार करवाए, जबकि वे मंडला जिला अस्पताल में भी उपचार करा सकते थे। इस दलील पर जस्टिस विवेक अग्रवाल ने कड़ी नाराजगी जताई।अदालत ने कहा कि पुलिस की इस दलील का अर्थ यह है कि पीड़ित परिवार अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार इलाज भी नहीं करा सकता। प्रत्येक नागरिक को अपनी क्षमता और आवश्यकता के अनुसार बेहतर चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने का अधिकार है। पुलिस यह निर्धारित नहीं कर सकती कि कोई व्यक्ति किस अस्पताल में अपना इलाज कराएगा।

मेडिकल बिल फर्जी साबित करने में भी सरकार नाकाम

हाईकोर्ट ने राज्य सरकार की ओर से पैरवी करने वाले सहायक लोक अभियोजक (एपीपी) की भूमिका पर भी सवाल उठाए। अदालत ने कहा कि सरकारी पक्ष की ओर से ऐसा कोई प्रभावी प्रयास नहीं किया गया, जिससे यह साबित हो सके कि प्रस्तुत मेडिकल दस्तावेज फर्जी थे अथवा हादसे के लिए पीड़ितों की कोई गलती जिम्मेदार थी।अदालत ने स्पष्ट किया कि सरकार और उसके प्रतिनिधियों की इस विफलता का लाभ शासन को नहीं दिया जा सकता। केवल मेडिकल बिलों की राशि अधिक होने के आधार पर पीड़ित परिवार के मुआवजे के दावे को खारिज नहीं किया जा सकता।

*मुआवजे की राशि में भी की बढ़ोतरी

हाईकोर्ट ने मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पूर्व आदेश में संशोधन करते हुए मुआवजे की राशि बढ़ा दी है।मृतकों के परिजनों का मुआवजा 48.26 लाख से बढ़ाकर 60.32 लाख रुपये किया गया।चालक काजू महोबिया के परिवार का मुआवजा 18.19 लाख से बढ़ाकर 23.45 लाख रुपये किया गया। डीजीपी की ओर से दाखिल प्रत्येक छह अपील पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।