जबलपुर। शहर के अतिसंवेदनशील रक्षा संस्थान वाहन निर्माणी जबलपुर (वीएफजे) के टेस्टिंग ग्राउंड में शनिवार दोपहर अचानक हुए जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। धमाके की चपेट में आने से वहां काम कर रहा एक ठेका श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके हाथ में गंभीर चोट आई है। घायल को तत्काल उपचार के लिए वीएफजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद निर्माणी प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। विस्फोट की वजह और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे वीएफजे के टेस्टिंग ग्राउंड में गड्ढों को भरने का काम चल रहा था। इसके लिए अमझर क्षेत्र से मुरम (मिट्टी) मंगाई गई थी। ठेका श्रमिक इसी मुरम को गड्ढों में डाल रहे थे, तभी अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना अचानक हुआ कि श्रमिकों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक श्रमिक इसकी चपेट में आकर घायल हो गया।
मुरम के साथ विस्फोटक पहुंचने की आशंका
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बाहर से लाई गई मुरम में कोई विस्फोटक पदार्थ मौजूद रहा होगा, जो गड्ढे में डालने के दौरान फट गया। हालांकि, विस्फोट किस पदार्थ से हुआ और वह मुरम के साथ निर्माणी परिसर तक कैसे पहुंचा, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकता है घटना की सूचना मिलते ही निर्माणी के वरिष्ठ अधिकारी और सुरक्षा अमला मौके पर पहुंच गया। विस्फोटक की प्रकृति, उसके संभावित स्रोत और परिसर में उसकी मौजूदगी के कारणों का पता लगाने के लिए डॉग स्क्वायड की सहायता ली जा रही है। घटना ने अतिसंवेदनशील रक्षा संस्थान के भीतर बाहरी सामग्री की जांच और सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच का केंद्र यह है कि मुरम के साथ कोई संदिग्ध विस्फोटक पदार्थ आया था या धमाके की वजह कुछ और थी। प्रबंधन मामले की जांच में जुटा है।