जबलपुर। शहनाइयों की गूंज के साथ बाजारों में भी कारोबार की रौनक बढ़ने वाली है। शादी का सीजन व्यापारियों के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आया है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय आकलन के मुताबिक 21 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक देशभर में करीब 52 लाख शादियां होने का अनुमान है। इन शादियों के जरिए लगभग 7.50 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है। वहीं संस्कारधानी जबलपुर में भी अगले 25 दिनों के दौरान करीब 1200 विवाह समारोहों से 240 करोड़ रुपये के व्यापार का अनुमान लगाया गया है। इससे शहर के सराफा, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, होटल, मैरिज गार्डन, कैटरिंग और इवेंट मैनेजमेंट कारोबार में जबरदस्त तेजी आने की उम्मीद है।
देश में 7.50 लाख करोड़ की विवाह अर्थव्यवस्था….
कैट की शोध इकाई कैट रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी (सीआरटीडीएस) की रिपोर्ट के अनुसार देश के 25 राज्यों के प्रमुख थोक एवं खुदरा बाजारों के सर्वेक्षण के आधार पर यह आकलन तैयार किया गया है। इसमें 300 से अधिक व्यापारिक नेताओं और 550 प्रमुख व्यापारिक संगठनों से चर्चा की गई। रिपोर्ट के मुताबिक अनुमानित 7.50 लाख करोड़ रुपये के कारोबार में लगभग 4.05 लाख करोड़ रुपये वस्तुओं एवं खुदरा व्यापार से, जबकि 3.45 लाख करोड़ रुपये विभिन्न सेवाओं से आने की संभावना है।
कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने विवाह अर्थव्यवस्था को घरेलू उपभोग, रोजगार और आर्थिक समृद्धि का महत्वपूर्ण आधार बताया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया ने इसे भारतीय बाजार की असाधारण क्षमता का प्रतीक बताया। वहीं राष्ट्रीय चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक विवाह अनेक व्यापारिक क्षेत्रों और सेवा प्रदाताओं के लिए आर्थिक अवसर पैदा करता है।
जबलपुर में 1200 शादियां, 240 करोड़ का कारोबार…..
कैट के जबलपुर संभागीय अध्यक्ष दीपक सेठी के अनुसार 21 नवंबर से 15 दिसंबर तक शहर में लगभग 1200 विवाह समारोह होने का अनुमान है। प्रति विवाह औसतन 20 लाख रुपये का खर्च मानकर करीब 240 करोड़ रुपये के व्यापारिक कारोबार का आकलन किया गया है। इसमें केवल विवाह समारोह स्थल पर होने वाला खर्च ही नहीं, बल्कि परिवारों द्वारा आभूषण, कपड़े, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर, उपहार, खानपान, होटल, सजावट और अन्य सेवाओं पर किया जाने वाला खर्च भी शामिल है।
डेस्टिनेशन वेडिंग का बढ़ता आकर्षण, होटल इंडस्ट्री को फायदा…..
दीपक सेठी ने बताया कि जबलपुर अब आसपास के शहरों और जिलों के परिवारों के लिए विवाह आयोजनों का पसंदीदा केंद्र बनता जा रहा है। शहर के फाइव स्टार, फोर स्टार होटल, बैंक्वेट हॉल और बड़े मैरिज गार्डन में बाहर से आकर भी परिवार विवाह समारोह आयोजित कर रहे हैं। महानगरों की तुलना में अपेक्षाकृत किफायती खर्च पर बेहतर होटल, खानपान और आयोजन सुविधाएं मिलने से डेस्टिनेशन वेडिंग का चलन बढ़ रहा है।
शहर में नए बड़े होटलों के आने और मौजूदा होटल एवं मैरिज गार्डन की सुविधाओं में विस्तार से इस कारोबार को प्रोत्साहन मिला है। इसका सीधा लाभ होटल, कैटरिंग, सजावट, परिवहन और आयोजन से जुड़े व्यवसायों को मिलने की संभावना है।
सराफा बाजार में 48 करोड़, कपड़ा कारोबार में 27 करोड़ की उम्मीद….
कैट के स्थानीय आकलन के मुताबिक जबलपुर में अनुमानित 240 करोड़ रुपये के व्यापार में 130 करोड़ रुपये वस्तुओं की खरीदारी और खुदरा कारोबार से आएंगे, जबकि 110 करोड़ रुपये विभिन्न सेवाओं से प्राप्त होने का अनुमान है। वस्तुओं के कारोबार में सबसे बड़ा हिस्सा सोना, चांदी और आभूषणों का होगा। सराफा कारोबार में करीब 48 करोड़ रुपये, कपड़े, साड़ी, लहंगे एवं अन्य परिधानों में 27 करोड़ रुपये, किराना, सब्जी एवं खाद्य सामग्री में 12 करोड़ रुपये, उपहार एवं विवाह सामग्री में 10 करोड़ रुपये तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिकल सामान में 9 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। सूखे मेवे, मिठाई एवं कन्फेक्शनरी में 8 करोड़, फर्नीचर, बर्तन एवं गृहस्थी के सामान में 8 करोड़ और अन्य विवाह संबंधी वस्तुओं में 8 करोड़ रुपये का व्यापार संभावित है।
सेवाओं के कारोबार में होटल और कैटरिंग का बड़ा योगदान……
विवाह आयोजनों से जुड़ी सेवाओं में कैटरिंग एवं खानपान कारोबार से 25 करोड़ और विवाह स्थल, बैंक्वेट हॉल एवं होटल व्यवसाय से 25 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। इसके अलावा इवेंट मैनेजमेंट एवं वेडिंग प्लानिंग में 12 करोड़, फूलों की सजावट एवं वेडिंग डेकोर में 12 करोड़, यात्रा, परिवहन एवं हॉस्पिटैलिटी में 10 करोड़, संगीत, डीजे, लाइट एवं साउंड में 8 करोड़, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी में 7 करोड़, ब्यूटी, ग्रूमिंग एवं वेलनेस सेवाओं में 5 करोड़ तथा अन्य संबद्ध सेवाओं में 6 करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है।
शगुन और नकद भेंट का कारोबार से अलग है हिसाब…..
दीपक सेठी ने बताया कि विवाह समारोहों में बाजार से होने वाली खरीदारी और सेवाओं के अलावा शगुन, लिफाफे, नकद भेंट तथा वर-वधू को परिजनों और रिश्तेदारों द्वारा दी जाने वाली आर्थिक राशि का भी महत्वपूर्ण स्थान है। हालांकि इस राशि को 240 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष व्यापारिक कारोबार में शामिल नहीं किया गया है। यह परिवारों के बीच सामाजिक परंपरा के तहत होने वाला आर्थिक लेन-देन है। इस लिहाज से विवाह अर्थव्यवस्था का वास्तविक आर्थिक प्रवाह अनुमानित व्यापार से भी अधिक व्यापक है।
हजारों लोगों को मिलता है रोजगार….
कैट के मुताबिक विवाह सीजन का लाभ केवल बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि छोटे दुकानदारों, कारीगरों, हलवाइयों, फूल विक्रेताओं, टेंट व्यवसायियों, वाहन कारोबारियों, होटल कर्मचारियों, फोटोग्राफरों और अनेक सेवा प्रदाताओं तक पहुंचता है। सोना-चांदी और अन्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों तथा विवाह आयोजनों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार से प्रति विवाह खर्च में भी बढ़ोतरी हो रही है।
कैट के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुमित अग्रवाल ने विवाह समारोहों में भारतीय निर्मित वस्तुओं और स्थानीय व्यापारियों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया है। उन्होंने इसे वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत की भावना से जोड़ते हुए कहा कि स्थानीय बाजारों को मजबूत करने का यह अच्छा अवसर है।