राष्ट्रीय पदाधिकारियों की मौजूदगी में 31वें राष्ट्रीय अधिवेशन कार्यालय का भव्य शुभारंभ

जबलपुर। दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के 31वें राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों को लेकर रविवार को बड़ा फुहारा स्थित संजय प्लास्टिक के बाजू में अधिवेशन कार्यालय का भव्य शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ कार्यालय का विधिवत उद्घाटन हुआ।

कार्यक्रम का मंगलाचरण एवं मांगलिक क्रियाएं सचिन कीर्ति जैन ने संपन्न कराईं। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय और मंगलमय हो गया।

शुभारंभ अवसर पर फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोहर झांझरी, निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश विनायका, राष्ट्रीय महासचिव विनय जैन, राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव संजय पापड़ीवाल, अतिरिक्त महासचिव प्रशांत जैन एवं प्रवीण सिंघई सहित अनेक राष्ट्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे। महाकौशल-विंध्य रीजन के निवर्तमान अध्यक्ष प्रदीप जैन की भी विशेष उपस्थिति रही।

इसके अलावा दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप जबलपुर संस्कारधानी के अध्यक्ष प्रदीप लक्ष्मी जैन, सुनील चित्रा घिया, पूर्व अध्यक्ष अमित रश्मि पारस सहित शहर के विभिन्न सोशल ग्रुपों के अध्यक्ष, सचिव, पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए।

इस अवसर पर राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि महाकौशल-विंध्य रीजन के सभी ग्रुपों के सामूहिक प्रयास, सहयोग और सहभागिता से 31वां राष्ट्रीय अधिवेशन ऐतिहासिक एवं यादगार बनेगा। सभी ने आयोजन की सफलता के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम का संचालन सतीश वर्धमान ने किया तथा आभार प्रदर्शन फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय चौधरी ने किया।

**3 जनवरी को होगा राष्ट्रीय अधिवेशन**

फेडरेशन के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक नितिन जैन ने बताया कि 31वां राष्ट्रीय अधिवेशन आगामी 3 जनवरी 2027 को मां नर्मदा के पावन तट पर स्थित ओरिका रिसोर्ट, नागपुर रोड, जबलपुर में आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप जबलपुर संस्कारधानी के तत्वावधान में होगा।

उन्होंने बताया कि अधिवेशन में देशभर के 350 से अधिक सोशल ग्रुपों से 1000 से अधिक दंपति सदस्यों के शामिल होने की संभावना है। यह आयोजन सामाजिक एकता, पारिवारिक सौहार्द और संगठनात्मक सहभागिता का भव्य उत्सव होगा।कार्यालय के शुभारंभ के साथ ही अधिवेशन की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग का संकल्प लिया।