एमपी ट्रांसको में विद्युत सुरक्षा के लिए विशेष प्रशिक्षण, जीरो एक्सीडेंट पॉलिसी पर जोर

जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) की जीरो एक्सीडेंट पॉलिसी के तहत 220 केवी सबस्टेशन देवास में विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित कार्यप्रणाली और सुरक्षा उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी गई।

कार्य से पहले परमिट एवं अर्थिंग अनिवार्य….

प्रशिक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता श्री निर्दोष केरकेट्टा ने विद्युत कार्य प्रारंभ करने से पहले निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परमिट प्राप्त करने और संबंधित उपकरणों की अर्थिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, सुरक्षा दस्ताने एवं सेफ्टी शूज जैसे व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (पीपीई) के अनिवार्य उपयोग तथा निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के पालन की जानकारी दी।

तकनीकी विशेषज्ञों ने समझाए सुरक्षा के पहलू….

प्रशिक्षण सत्र में कार्यपालन अभियंता परीक्षण संभाग देवास निर्दोष केरकेट्टा, सहायक अभियंता सुश्री अंशुमा खातरकर, यासीन खान, अरविंद कुमार जोशी एवं टेस्टिंग सुपरवाइजर महेश पटेल ने विभिन्न तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी पहलुओं पर जानकारी दी। प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, शिफ्ट सुपरवाइजर, मेंटेनेंस क्रू, आउटसोर्स सुरक्षा कर्मियों एवं ऑपरेटिंग स्टाफ ने सहभागिता की। सभी को कार्य के दौरान स्वयं एवं सहकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का संदेश दिया गया।