जबलपुर। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को जबलपुर में संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। मार्च का रूट और कार्यक्रम की रूपरेखा अंतिम रूप से तय कर दी गई है। दोपहर 12 बजे शहीद स्मारक से मार्च का शुभारंभ होगा।
जिला कांग्रेस कमेटी जबलपुर ग्रामीण के अध्यक्ष संजय यादव एवं नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ शर्मा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संविधान रक्षा मार्च शहीद स्मारक से प्रारंभ होकर मालवीय चौक, सुपर मार्केट, लॉर्डगंज थाना, घमंडी चौक, बड़ा फव्वारा, खजांची चौक और अंधेरदेव होते हुए गांधी जी की प्रतिमा स्थल पहुंचेगा। यहां गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद मार्च बड़ी ओमती और कमानिया गेट चौक होते हुए मालवीय चौक पहुंचेगा, जहां इसका समापन होगा।
मार्च में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों के अलावा युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। जिला कांग्रेस कमेटी जबलपुर ग्रामीण के अध्यक्ष संजय यादव ने कांग्रेसजनों सहित लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखने वाले सभी नागरिकों से संविधान रक्षा मार्च में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।