जबलपुर। मध्यप्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने जबलपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पासपोर्ट बनवाकर रह रहे तीन अफगानी नागरिकों को हिरासत में लिया है। सुरक्षा कारणों से एटीएस ने आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है और विक्टोरिया अस्पताल प्रबंधन से भी उनके नाम और पहचान को गोपनीय रखने के लिए निर्देशित किया है|
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक तीनों शहर के छोटी ओमती क्षेत्र में कंबल बेचने का काम करते थे और आठ नल इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। एटीएस की टीम ने तीनों अफगानी नागरिकों का विक्टोरिया अस्पताल में मुलायजा कराया और तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने तीनों संदिग्धों को एटीएस को न्यायिक रिमांड पर सौंप दिया है, जिसके बाद अब उनसे बंद कमरे में गहन पूछताछ की जा रही है|
सूत्रों के मुताबिक एटीएस ने इससे पहले भी फर्जी भारतीय दस्तावेज और पासपोर्ट के मामले में कार्रवाई की थी। पूर्व में गिरफ्तार अफगानी नागरिक सोहबत खान से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया गया। इसी कड़ी में तीनों आरोपियों तक एजेंसी पहुंची। एंजेसी अब यह भी पता लगा रही है कि इनका संबंध पहले पकड़े गए लोगों से तो नहीं है| इस बात की भी जांच की जा रही है कि तीनों संदिग्ध भारत में कैसे शामिल हुए? और उनके पनाहगार कौन है? पासपोर्ट और वीजा की सत्यता की जांच के लिए अफगानी दूतावास और विदेश मंत्रालय से भी संपर्क किया जा रहा है|
फर्जी दस्तावेज बनाने वाला नेटवर्क रडार पर……..
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेज तैयार कराए थे और इन्हीं के आधार पर भारतीय पासपोर्ट हासिल किए थे। एटीएस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में किन स्थानीय लोगों ने मदद की और इस नेटवर्क में कितने अन्य लोग शामिल हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले सोहबत खान सहित स्थानीय सहयोगियों की गिरफ्तारी के बाद जबलपुर से फर्जी पते पर पासपोर्ट बनवाने के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ था। जांच एजेंसियों को मध्यप्रदेश के अलावा पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ तक इस नेटवर्क के तार जुड़े होने की जानकारी मिली थी। मामले में आगे की पूछताछ और जांच जारी है।