बकाया लाइसेंस फीस वसूली पर जेडीए सख्त, 57 लाख से अधिक के दो बकायादारों की व्यावसायिक संपत्तियों पर जड़ा ताला


जबलपुर। जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा बकाया राशि की वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में लंबे समय से लाइसेंस फीस जमा नहीं करने वाले दो बकायादारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए प्राधिकरण ने उनकी व्यावसायिक संपत्तियों पर तालाबंदी कर दी। इन दोनों आवंटियों पर कुल मिलाकर 57 लाख रुपये से अधिक की राशि बकाया है। प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई जेडीए की योजना क्रमांक 18 के अंतर्गत स्थित व्यावसायिक संपत्ति के आवंटी अर्पित कुमार पांडेय के विरुद्ध की गई, जिन पर 49 लाख रुपये से अधिक की लाइसेंस फीस बकाया है। वहीं, दूसरी कार्रवाई योजना क्रमांक 19, मदन महल स्थित व्यावसायिक संपत्ति के आवंटी खेमचंद पटेल के विरुद्ध की गई, जिन पर 8 लाख रुपये से अधिक की राशि बकाया थी। दोनों ही मामलों में प्राधिकरण द्वारा बकाया राशि के भुगतान के लिए कई बार नोटिस जारी करने एवं सूचना देने के बावजूद राशि जमा नहीं की गई। इसके पश्चात मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को प्राधिकरण के अमले ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार संबंधित व्यावसायिक संपत्तियों पर तालाबंदी की कार्रवाई की। उक्त कार्रवाई के दौरान संपदाधिकारी, स्थल यंत्री सहित अन्य विभागीय अमला मौके पर उपस्थित रहा। जेडीए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि की वसूली के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। प्राधिकरण ने शेष सभी बकायादारों को 7 दिवस की अंतिम समय-सीमा देते हुए निर्देशित किया है कि वे इस अवधि के भीतर अपनी बकाया लाइसेंस फीस एवं अन्य देयकों का भुगतान सुनिश्चित करें। निर्धारित 7 दिवस में बकाया राशि जमा नहीं करने वाले आवंटियों के विरुद्ध भी नियमानुसार संपत्ति पर तालाबंदी से लेकर आवंटन निरस्तीकरण तक की कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण ने सभी बकायादारों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा में अपने बकाया देयकों का भुगतान कर अप्रिय कार्रवाई से बचें।