जबलपुर| गौमाता की रक्षा और सेवा के लिए समर्पण भाव होना आवश्यक है। गौवंश की सेवा एवं रक्षा भगवान श्रीकृष्ण के धराधाम पर अवतरण के प्रमुख उद्देश्यों में से एक रही है। गौमाता भगवान श्रीकृष्ण को अत्यंत प्रिय हैं और उनकी सेवा ही गोपाल को प्रसन्न करने का मूल मंत्र है। यह विचार श्रीमद् जगतगुरु नरसिंह पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज ने गोपाष्टमी महोत्सव के अवसर पर गीताधाम गौशाला में आयोजित गौपूजन एवं गौग्रास अर्पण कार्यक्रम में व्यक्त किए।
महाराजश्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के प्रथम गौचारण उत्सव को गोपाष्टमी महोत्सव के रूप में मनाया जाता है। जिस परमब्रह्म के चरणों की रज प्राप्त करने के लिए ब्रह्मा और शंकर तक लालायित रहते हैं, वही भगवान श्रीकृष्ण गौमाता की सेवा के लिए कंकड़-पत्थरों और कुंज-निकुंजों में विचरण करते थे। उन्होंने स्वयं कष्ट सहकर भी गौमाता को सुखी रखने का प्रयास किया। गौमाता की सेवा के कारण ही भगवान श्रीकृष्ण का नाम गोपाल पड़ा।
उन्होंने कहा कि गौसेवा से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि आती है तथा पूर्वजों को सद्गति प्राप्त होती है। गौमाता की सेवा करना प्रत्येक सनातन धर्मावलंबी का प्रमुख कर्तव्य है। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर सभी को अपनी सामर्थ्य के अनुसार गौसेवा का संकल्प लेकर इस दिन को सार्थक बनाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने गौवंश को गुड़-रोटी एवं हरा चारा अर्पित कर गौग्रास सेवा की तथा विधि-विधान से गौमाता का पूजन किया।
इस अवसर पर विधायक अशोक रोहाणी, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, लेखराज सिंह मुन्ना भैया, राजेंद्र प्यासी, शरद काबरा, लोकराम कोरी, विष्णु पटेल, गीता जगदीश साहू, एस.एन. शर्मा, विध्येश भापकर, राजेंद्र यादव, डॉ. संदीप मिश्रा, गीता पांडे, इंदु साहू, आचार्य प्रदीप मिश्रा, हिमांशु, प्रियांशु, संदीप, प्रकाश मिश्रा, पुष्कर सेंगर, संजय अग्रवाल, गौरव रल्हन एवं प्रवीण चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति, नरसिंह मंदिर-गीताधाम भक्त परिवार और सनातन धर्म महासभा जबलपुर के सदस्य उपस्थित रहे।