जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र के शांति नगर गली नंबर-6 में चोर ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए कंप्यूटर दुकान का ताला तोड़कर कीमती सामान चोरी कर लिया। आरोपी ठेला लेकर पहुंचा था और दुकान से कंप्यूटर पार्ट्स सहित अन्य सामान ठेले में भरकर ले जाने लगा। इसी दौरान मकान मालिक की नींद खुल गई और उन्होंने चोर का पीछा किया, लेकिन आरोपी ने बटनदार चाकू लहराकर जान से मारने की धमकी दी और ठेले सहित फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात करीब 2 बजे की है। शांति नगर गली नंबर-6 में अभिषेक गुप्ता के मकान में कंप्यूटर की दुकान संचालित होती है। देर रात एक चोर ठेला लेकर पहुंचा और दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखा कीमती सामान समेटने लगा। आरोपी ने कंप्यूटर पार्ट्स और अन्य सामान ठेले में भरा और वहां से निकलने लगा। इसी दौरान आहट होने पर मकान मालिक अभिषेक गुप्ता की नींद खुल गई। उन्होंने आरोपी को सामान ले जाते देखा तो उसका पीछा किया। खुद को घिरता देख चोर ने हाथ में बटनदार चाकू निकाल लिया और हवा में लहराते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद आरोपी ठेले पर चोरी का सामान लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी चांडाल भाटा क्षेत्र का रहने वाला है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।