आम आदमी की रसोई पर बढ़ा बोझ प्याज के दाम ₹70 किलो के पार

जबलपुर। महंगाई अब रसोई का जायका बिगाड़ने लगी है। दूध और शक्कर की कीमतों से परेशान आम उपभोक्ताओं को अब प्याज भी रुलाने लगी है। कभी गरीब की थाली का सस्ता सहारा मानी जाने वाली प्याज के दाम जबलपुर के बाजारों में 70 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गए हैं। नतीजा यह है कि रोजमर्रा की जरूरत की इस सब्जी को खरीदने से पहले भी लोगों को जेब का हिसाब लगाना पड़ रहा है। घरों का मासिक बजट पहले ही महंगी खाद्य सामग्री से गड़बड़ाया हुआ है, ऐसे में प्याज की तेजी ने आम आदमी की परेशानी और बढ़ा दी हैप्याज की कीमतों में इस उछाल की प्रमुख वजह महाराष्ट्र के नासिक से घटती आवक और स्थानीय मंडियों में पर्याप्त स्टॉक नहीं होना बताया जा रहा है। थोक बाजार में माल की उपलब्धता कम होने का सीधा असर फुटकर कारोबार पर दिखाई दे रहा है। आमतौर पर सर्दियों में सब्जियों की आवक बढ़ने से राहत की उम्मीद रहती है, लेकिन इस बार मौसम बदलने के साथ भी प्याज के भाव नीचे आने के बजाय ऊपर चढ़ रहे हैं।

आवक कम, तो दाम और बढ़ने की आशंका

सब्जी मंडी के व्यापारी सतीश जसवानी के अनुसार नासिक से प्याज की आपूर्ति कम हो रही है। स्थानीय स्तर पर भी पर्याप्त माल नहीं पहुंच रहा है। मांग के मुकाबले उपलब्धता कम होने से कीमतों में तेजी आई है। उनका कहना है कि यदि बाहर से आवक में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में प्याज के दाम और बढ़ सकते हैं।
प्याज ऐसी जरूरत है, जिसे आमतौर पर रोजमर्रा के भोजन से अलग नहीं किया जा सकता। सब्जी का स्वाद बढ़ाने से लेकर तड़के तक इसका इस्तेमाल होता है। ऐसे में कीमतों में अचानक आई तेजी का असर हर वर्ग पर पड़ रहा है। खासकर मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए बढ़ते भाव अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन गए हैं। अब लोगों की उम्मीद है कि मंडियों में आवक बढ़े और प्याज की कीमतों पर लगाम लगे, ताकि रसोई को कुछ राहत मिल सके।