जल, जंगल और जमीन के रक्षक बिरसा मुंडा को किया नमन, आदिवासी समाज ने उठाईं अधिकारों की मांगें

जबलपुर। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले महान आदिवासी जननायक एवं अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आदिवासी समाज ने उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया। आदिवासी शबरी महासंघ के तत्वावधान में कौशल्या गोटिया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने बिरसा मुंडा तिराहे पर स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान जय जोहार और भगवान बिरसा मुंडा अमर रहें के नारों से वातावरण गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और अपने अधिकारों की रक्षा का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और उनका उलगुलान आज भी प्रासंगिक है। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उन्होंने जिस साहस के साथ अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। वक्ताओं ने चिंता जताई कि वर्तमान समय में भी आदिवासी समाज को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। देश में आदिवासियों की उपेक्षा हो रही है और उनके संवैधानिक अधिकारों का अपेक्षित संरक्षण नहीं मिल पा रहा है।

**सरकार के सामने रखीं दस सूत्रीय मांगें**

आदिवासी समाज ने सरकार से भगवान बिरसा मुंडा पुरस्कार शीघ्र प्रारंभ करने, आदिवासी क्षेत्रों में पांचवीं एवं छठवीं अनुसूची के प्रावधान लागू करने तथा कोल विकास प्राधिकरण की राशि को कोल बस्तियों के विकास में खर्च करने और उसका सार्वजनिक हिसाब देने की मांग उठाई।

इसके अलावा जाति प्रमाणपत्र बनाने की प्रक्रिया सरल करने, आदिवासी युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, उनकी जमीन और आवास की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आदिवासी बालिकाओं की मानव तस्करी रोकने तथा आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुलभ कराने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने जंगलों की अवैध कटाई पर सख्ती से रोक लगाने और फर्जी आदिवासी प्रमाणपत्रों के आधार पर लाभ लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।
कार्यक्रम में कहा गया कि भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके विचार और संघर्ष आदिवासी समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और संगठित होने की प्रेरणा देते रहेंगे। देशभर में आदिवासी समाज उनकी जयंती मना रहा है और उन्हें शत-शत नमन कर रहा है।
**ये रहे उपस्थित**
कार्यक्रम में भैयालाल गोटिया, रोशनलाल कोल, कुंजीलाल, अशोक गोटिया, मगन सिंह भूमिया, मोतीलाल गोटिया, शिव गोटिया, जित्तू गोटिया, धर्मेंद्र गोटिया, वाल्मीक कोल, बलवीर गोटिया, गणेश कोल, रामनरेश कोल, शिवम कोल, लक्ष्मीनारायण कोल, लालू कोल, ज्योति कोल, मोनी कोल, अनिल कोल, सुमित भूमिया, डॉ. सोनेलाल, श्रवण कुमार, जगदीश प्रसाद, रामशंकर, गोरेलाल और मनोज गोटिया सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।