जबलपुर अपनी विश्व पद यात्राओं से इंसानी भाईचारा, विश्व बंधुत्व, समरसता, और विश्व शांति का इलाही पैगाम देकर समग्र विश्व में भारतीय अध्यात्म की अलख जगाने वाले जगतगुरू नानक देव जी के 557 वें पवित्र प्रकाशोत्सव गुरुपर्व के अवसर पर आज नगर के सिख समाज द्वारा सामूहिक तौर पर मालवीय चौक स्थित गुरुद्वारा मढ़ाताल से विशाल और इन्द्रधनुषी आभा से युक्त भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। करमचंद चौक,ओमती, बड़ा फवारा, मालवीय चौक, लार्डगंज सहित नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करता हुआ यह नगर कीर्तन संध्या बेला पर जब गुरुनानकस्थली गुरुद्वारा मढ़ाताल में संपन्न हुआ तब उपस्थित श्रद्धालुओं ने मुक्ताकाश से पुष्प वर्षा कर जोरदार अभिनन्दन किया । सर्वाधिक मुख्य आकर्षण का केंद्र, स्वर्णिम आभा से युक्त पुष्प सज्जित आकर्षक स्वर्णरथ था जिस पर काष्ठ पालकी में शब्दावतार साहिब श्री गुरुग्रंथसाहिब जी का पवित्र प्रकाश किया गया था ।इसमें चारों तरफ से प्रसाद वितरण किया जा रहा था । इनके समक्ष श्रद्धालुगण मिष्ठान और बताशे के थाल के साथ पुष्पांजलि अर्पित कर माथा टेक कर आशीर्वाद ग्रहण कर रहे थे। पंथ के पंज प्यारों की अगुआई में
समस्त गुरुद्वारों के शबद कीर्तन करते स्त्री पुरुषों के समूह और बैंड दल फिजा को पूर्णतः भक्तिमय बना रहे थे। गुरु गोबिंद सिंह विद्यालय, कैंट खालसा,गुरु रामदास महाविद्यालय एवं माता गुरु महिला महा विद्यालय आदि के छात्रगण, एन सी सी दल, गतका दल,बाल पंज प्यारे, बड़ी संख्या में गुरुनानक वाणी के सर्व धर्म समभाव से ओतप्रोत बैनर झंडे और गुरुनानक लीला को प्रदर्शित करतीं झांकियां लेकर चल रहे थे। विभिन्न वर्गों, धर्मों और व्यापारी संघों एवं अनेक समितियों द्वारा भंडारे एवं मिष्ठान वितरण कर भावभीना स्वागत किया गया। नगर कीर्तन के साथ चल रहे सेवाभावी युवक युवतियों ने समूचा पथ जल से सींचने के बाद झाड़ू से बुहार कर फूलों से पाट दिया। इस दौरान विधायक अभिलाष पाण्डे, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन जबलपुर सिख संगत के अध्यक्ष हरेंद्र जीत सिंह बब्बू, गुरुगोविंद सिंह खालसा एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह बंसल आदि गणमान्यजनों के साथ ही सैकड़ों की संख्या में उत्साही श्रद्धालुगण गुरुजी के दर्शनार्थ नतमस्तक रहे ।
नगर कीर्तन की समाप्ति के अवसर पर उत्साही नौजवानों और बच्चों ने मालवीय चौक पर जोरदार आतिशबाजी और पटाखे चलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। इस मौके पर गुरुद्वारा मढ़ाताल को आकर्षक विद्युत छटा से रोशन किया गया है। समापन पर यहाँ कीर्तन दरबार के साथ गुरु का लंगर वितरित भी किया गया । आयोजन की सफलता में प्रताप सिंह विरदी सुखबिंदर सिंह रील इन्द्रपाल सिंह सेहमी, जतिंदर सिंह सैनी, एम एस नागी, अवतार सिंह बांगा, अमनदीप सिंह विरदी, राजिंदर सिंह धंजल, सुखबिंदर सिंह अहलूवालिया, गोलू भाटिया आदि का उल्लेखनीय सहयोग रहा । आगामी 24 नवंबर को सदर स्थित बिरमानी पेट्रोल पंप के सामने मुलगी मैदान में धूमधाम से गुरुनानक जयंती मनाई जाएगी।