जनजातीय गौरव दिवस पर तीन आजीवन कैदियों की रिहाई

जबलपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाए गए जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर केंद्रीय जेल जबलपुर में तीन बंदियों के जीवन में नई शुरुआत का अवसर आया। शासन की विशेष परिहार नीति के तहत आजीवन कारावास की सजा काट रहे तीन पात्र बंदियों को समयपूर्व रिहा किया गया। जेल में अच्छे आचरण, अनुशासन और सुधारात्मक गतिविधियों में भागीदारी के आधार पर उन्हें सजा में छूट का लाभ दिया गया। रिहाई के दौरान जेल प्रशासन ने बंदियों को उनके पारिश्रमिक की राशि के चेक सौंपे और समाज में सम्मानजनक जीवन जीने की शुभकामनाएं दींजेल अधिकारियों के अनुसार, पहले विशेष अवसरों पर पात्र बंदियों की रिहाई मुख्य रूप से 15 अगस्त और 26 जनवरी को होती थी। शासन ने इस व्यवस्था का विस्तार करते हुए अब साल में पांच विशेष अवसर निर्धारित किए हैं। इनमें भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाया जाने वाला जनजातीय गौरव दिवस भी शामिल है। इस पहल का उद्देश्य उन बंदियों को सुधार का अवसर देना है, जिन्होंने जेल में रहते हुए अपने व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाया है और अनुशासन का पालन किया है।



जेल प्रशासन ने रिहा हुए तीनों बंदियों को कारावास के दौरान किए गए कार्यों के बदले अर्जित पारिश्रमिक के चेक प्रदान किए। अधिकारियों ने उन्हें समझाइश दी कि जेल से बाहर निकलने के बाद समाज की मुख्यधारा से जुड़कर जिम्मेदार नागरिक की तरह जीवन बिताएं। जेल में रहते हुए बंदियों को विभिन्न औद्योगिक और शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण भी दिया गया। अब इसी हुनर और अनुभव के सहारे वे स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं I