जबलपुर। घाना क्षेत्र में किसान जयदीप यादव के खेत में बने मछली पालन तालाब में पिछले एक माह से करीब चार फीट लंबे मगरमच्छ ने डेरा जमा रखा है। एक्वाकल्चर तकनीक से तैयार इस तालाब में मगरमच्छ लगातार मछलियों का शिकार कर रहा है, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। मामले की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की वॉलेंटियर टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आवश्यक संसाधनों के अभाव में मगरमच्छ को पकड़ने का अभियान आगे नहीं बढ़ पा रहा है। रेस्क्यू टीम के सदस्य शंकरेंदुनाथ के अनुसार मगरमच्छ को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए विशेष जाल और सुरक्षा उपकरणों की जरूरत है। इनके बिना अभियान चलाना बेहद जोखिम भरा है। कई बार प्रयास किए गए, लेकिन टीम को सफलता नहीं मिली। टीम के सदस्यों के पहुंचने की आहट मिलते ही मगरमच्छ गहरे पानी में चला जाता है। बताया गया है कि रेस्क्यू के दौरान मगरमच्छ कई बार टीम के सदस्यों पर हमला करने की कोशिश भी कर चुका है।
जाल और सुरक्षा उपकरणों के अभाव में रुका रेस्क्यू…..
रेस्क्यू टीम की ओर से वन विभाग के अधिकारियों से विशेष जाल और आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की गई थी, लेकिन सामग्री उपलब्ध नहीं होने का हवाला दिया गया। इसके चलते अभियान ठप पड़ा है। मगरमच्छ की मौजूदगी से ग्रामीणों और खेत मालिक में नाराजगी है। उनका कहना है कि बार-बार सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
मछलियों का शिकार कर रहा मगरमच्छ, किसान परेशान…….
तालाब मालिक जयदीप यादव ने बताया कि उन्होंने काफी मेहनत और पूंजी लगाकर खेत में तालाब तैयार कराया था और आधुनिक पद्धति से मछली पालन शुरू किया था। मगरमच्छ के तालाब में आने के बाद से मछलियां लगातार उसका शिकार बन रही हैं। इससे मत्स्य उत्पादन प्रभावित हो रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसान ने वन विभाग से जल्द से जल्द मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कराने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है।