मां की ममता और वर्दी के फर्ज का संगम… मासूम बेटी को गोद में लेकर ड्यूटी पर लौटीं आईपीएस अनु बेनीवाल

जबलपुर। मां बनना किसी भी महिला के जीवन का सबसे खूबसूरत और भावनात्मक अनुभव होता है। वहीं मातृत्व के साथ पेशेवर जिम्मेदारियों का निर्वहन करना अपने आप में एक बड़ी चुनौती है। इस चुनौती को हौसले, आत्मविश्वास और समर्पण के साथ स्वीकार करते हुए जबलपुर की आईपीएस अधिकारी एवं एएसपी अनु बेनीवाल एक बार फिर चर्चा में हैं। मातृत्व अवकाश पूरा होने के बाद वह अपनी नन्ही बेटी को गोद में लेकर कार्यालय पहुंचीं और अपनी जिम्मेदारियों को फिर से संभाल लिया।

अनु बेनीवाल की बेटी के साथ सामने आई तस्वीर ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। तस्वीर में एक तरफ मां की ममता झलक रही है, तो दूसरी तरफ खाकी वर्दी में अपने कर्तव्य के प्रति उनका समर्पण दिखाई दे रहा है।

बताया गया है कि अनु बेनीवाल करीब 10 सप्ताह के मातृत्व अवकाश पर थीं। इस दौरान उन्होंने मां बनने के नए अनुभवों के साथ कई चुनौतियों का सामना किया। उन्होंने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि इस दौरान कई रातें ऐसी भी गुजरीं, जब उन्हें ठीक से सोने का अवसर नहीं मिला। इसके बावजूद उन्होंने जीवन के इस नए अध्याय को अपनी ताकत बनाया।

खास बात यह है कि गर्भावस्था के आखिरी महीने तक भी वह अपनी फिटनेस को लेकर सजग रहीं और नियमित दौड़ सहित शारीरिक गतिविधियों पर ध्यान देती रहीं। उनकी इस दिनचर्या और अब बेटी के साथ कार्यस्थल पर वापसी की तस्वीर ने एक बार फिर उनकी चर्चा शुरू कर दी है।

अनु बेनीवाल की यह वापसी केवल एक अधिकारी के ड्यूटी ज्वाइन करने की तस्वीर नहीं है, बल्कि उस संघर्ष और संतुलन की कहानी है, जिससे अनेक कामकाजी महिलाएं गुजरती हैं। एक ओर बच्चे की देखभाल, रातों की अधूरी नींद और मातृत्व की जिम्मेदारी, तो दूसरी ओर समाज और विभाग के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन।

उनकी यह तस्वीर संदेश देती है कि मातृत्व किसी महिला की क्षमता को कम नहीं करता, बल्कि उसे जीवन के प्रति एक नया दृष्टिकोण और नई ताकत देता है। हालांकि हर महिला की परिस्थितियां अलग होती हैं और मातृत्व के बाद काम पर लौटने का समय भी व्यक्तिगत स्वास्थ्य एवं जरूरतों के अनुसार होना चाहिए।

खाकी की जिम्मेदारी और मां की ममता का यह खूबसूरत संगम निश्चित रूप से महिला शक्ति, आत्मविश्वास और समर्पण की प्रेरक तस्वीर बनकर सामने आया है।