जबलपुर। छठ महापर्व की आस्था, भक्ति और लोक संस्कृति की झलक अब जबलपुर रेल मंडल के रेलवे स्टेशनों पर भी देखने को मिल रही है। पर्व के अवसर पर यात्रियों को सुखद एवं आत्मीय वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा के पारंपरिक लोकगीतों का प्रसारण किया जा रहा है। जबलपुर, मदन महल, पिपरिया, नरसिंहपुर, कटनी, सतना, मैहर, सागर, दमोह, रीवा एवं ब्यौहारी सहित मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से छठी मैया के पारंपरिक गीत सुनाए जा रहे हैं। ‘केलवा के पात पर उगेलन सुरुजदेव’, ‘काँच ही बाँस के बहंगिया’ जैसे लोकप्रिय गीतों से स्टेशन परिसर में भक्तिमय वातावरण बन रहा है।
घर से दूर भी महसूस हो रहा त्योहार का अपनापन…..
छठ महापर्व के अवसर पर अपने गृह नगर एवं परिवार के पास पहुंचने के लिए रेल यात्रा कर रहे बिहार एवं पूर्वांचल के यात्रियों के लिए यह पहल विशेष आकर्षण का केंद्र बन रही है। स्टेशनों पर गूंजते पारंपरिक गीत यात्रियों को अपनी मिट्टी, संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं की याद दिला रहे हैं। इससे रेल यात्रा के दौरान भी उन्हें पर्व के उत्सव और उल्लास का अनुभव हो रहा है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शशांक गुप्ता ने बताया कि जबलपुर रेल मंडल द्वारा त्योहारों के दौरान यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करने के लिए यात्री सुविधाओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। छठ गीतों का प्रसारण इसी प्रयास का हिस्सा है। जबलपुर रेल मंडल की यह पहल भारतीय रेल की उस भावना को दर्शाती है, जिसमें यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ उनकी सांस्कृतिक भावनाओं और क्षेत्रीय परंपराओं को भी महत्व दिया जाता है। इस पहल से रेलवे स्टेशन केवल आवागमन के केंद्र ही नहीं, बल्कि त्योहारों की खुशियों और सांस्कृतिक जुड़ाव के सहभागी भी बन रहे हैं।