जबलपुर। शंकर शाह नगर में पीडब्ल्यूडी मंदिर के सामने खेत के पास रहने वाले एक परिवार के घर पर असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि चाकू, रॉड और पिस्तौल लेकर पहुंचे आधा दर्जन से अधिक युवकों ने घर पर पथराव किया और परिसर में खड़े तीन वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। आरोपियों ने परिसर में बने तीन-चार कमरों को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद से परिवार दहशत में है।
पीड़ित शेखर चक्रवर्ती के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे कुछ युवक उनके घर पहुंचे। आरोप है कि छोटू बेन, सोनू बेन, आशीष बेन, पिल्लू बेन, वंश बेन और गब्बर बेन सहित अन्य लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते हमला किया। आरोपियों ने घर पर पत्थर बरसाए और परिसर में खड़ी महिंद्रा बोलेरो, लोडिंग वाहन तथा एक्सिस दोपहिया वाहन में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान परिसर में बने कमरों को भी क्षतिग्रस्त किया गया।
शेखर चक्रवर्ती ने बताया कि उनके परिवार में पत्नी रिंकी और 11 एवं 14 वर्ष के दो बच्चे हैं। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शंकर नगर के सामने सेठी नगर में हाल ही में हुई हत्या की घटना से जुड़े कुछ लोग क्षेत्र में मारपीट और तोड़फोड़ कर दहशत का माहौल बना रहे हैं।
घटना से परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।