जबलपुर। शहर के होम साइंस कॉलेज के सामने पंजाबी हिंदू एसोसिएशन के समीप बीती रात एक खड़ी कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।फायर ब्रिगेड कर्मचारी संजय पटेल के अनुसार, रात करीब 12:10 बजे कंट्रोल रूम को कार में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची टीम ने आग बुझाने के साथ ही उसे आसपास खड़े अन्य वाहनों तक फैलने से रोकने के प्रयास किए। दमकलकर्मियों की तत्परता से आसपास खड़े अन्य वाहन आग की चपेट में आने से बच गए। घटना के समय कार का चालक मौके पर मौजूद नहीं था। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।