कांग्रेस के साथ नए संगठनों की जमात भी बेअसर : राकेश सिंह


जबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कांग्रेस पर देश में अराजकता फैलाने और जनता को भ्रमित करने की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ खड़े हुए नए संगठन भी जनता को प्रभावित करने में सफल नहीं हो पा रहे हैं। भाजपा अब ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम के जरिए विपक्ष के खिलाफ अपनी राजनीतिक मुहिम को व्यापक स्वरूप देने की तैयारी में है। जबलपुर में प्रस्तावित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ सामाजिक संस्थाओं और बुद्धिजीवी वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना बनाई जा रही है।

इस सिलसिले में भाजपा कार्यालय में आयोजित संभागीय कार्यकर्ता बैठक में राकेश सिंह ने कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों पर निशाना साधते हुए कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ कई नए संगठन भी सामने आए हैं, लेकिन उनके प्रयास जनता को भ्रमित करने में सफल नहीं हो रहे हैं। भाजपा इस मुद्दे को लेकर व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर लोकतंत्र की रक्षा का संदेश जनता तक पहुंचाएगी।


बैठक में ‘लोकतंत्र बचाओ’ कार्यक्रम की तैयारियों और संगठन की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। भाजपा की रणनीति कार्यक्रम को केवल पार्टी के कार्यकर्ताओं तक सीमित रखने के बजाय सामाजिक संस्थाओं और बुद्धिजीवियों की भागीदारी के साथ व्यापक मंच के रूप में प्रस्तुत करने की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संभावित मौजूदगी को देखते हुए संभागीय स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आयोजन की तैयारियों को गति देने पर जोर दिया गया।


कांग्रेस के खिलाफ राजनीतिक अभियान को धार देने में जुटी भाजपा इस कार्यक्रम के जरिए लोकतंत्र के मुद्दे पर जनता के बीच अपनी बात रखने की तैयारी कर रही है। इस बैठक में भाजपा के नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, सासंद आशीष दुबे, विधायक अशोक रोहाणी, डॉ.अभिलाष पांडे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, प्रदेशकोषाध्यक्ष सीए अखिलेश जैन, राज्यसभा सासंद सुमित्रा वाल्मीक, नगर निगम अध्यक्ष रिंकु बिज, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी श्रीकांत साहू, जेडीए उपाध्यक्ष प्रशांत केसरवानी, जिला मीडिया प्रभारी रवि शर्मा सहित नगर भाजपा के पदाधिकारी, पार्षद और विभिन्न मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे|