प्रशासन का छापा, अमृत भंडार से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए विजय नगर स्थित दुकान की जांच

जबलपुर। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में संयुक्त दल ने विजय नगर स्थित अमृत भंडार पर अचानक छापा मारकर दुकान में तैयार किए जा रहे और बिक्री के लिए रखे खाद्य पदार्थों की जांच की। अधिकारियों ने परीक्षण के लिए विभिन्न खाद्य सामग्रियों के नमूने एकत्र कर सील किए हैं। वहीं, दुकान में गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल को लेकर भी संदेह सामने आने पर जांच शुरू की गई है।कार्रवाई का नेतृत्व अधारताल एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी ने किया। मौके पर तहसीलदार रंजना यादव और खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवकी सोनवानी अपनी टीम के साथ मौजूद रहीं। संयुक्त दल ने प्रतिष्ठान के भीतर खाद्य सामग्री तैयार करने की जगह और बिक्री के लिए रखे सामान का निरीक्षण किया। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अचानक हुई कार्रवाई से आसपास के दुकानदारों में हलचल मच गईनिरीक्षण के दौरान दुकान में खाद्य सामग्री तैयार करने वाले हिस्से में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का उपयोग पाया गया। इसके बाद दल ने गैस के इस्तेमाल और आपूर्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कराने का निर्णय लिया। आशंका जताई गई कि कहीं घरेलू गैस सिलेंडरों से व्यावसायिक सिलेंडरों में गैस स्थानांतरित तो नहीं की जा रही थी। इसकी पुष्टि के लिए संबंधित गैस वितरण एजेंसी के तकनीकी कर्मचारियों को मौके पर बुलाया गया।एजेंसी के कर्मचारियों की मदद से दुकान की एलपीजी खपत, खरीदे गए सिलेंडरों और उपलब्ध स्टॉक का मिलान कराया गया, ताकि गैस की आपूर्ति और उपयोग की स्थिति स्पष्ट हो सके। हालांकि, गैस की अवैध रिफिलिंग की आशंका की अभी पुष्टि नहीं हुई है।खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए नमूनों को सरकारी प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट से पता चलेगा कि खाद्य सामग्री निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरी उतरती है या नहीं। इसी तरह गैस वितरण एजेंसी की सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर सिलेंडरों के उपयोग से जुड़े पहलुओं की स्थिति स्पष्ट होगी।अधिकारियों के अनुसार, खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट और गैस संबंधी सत्यापन पूरा होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दुकानों की जांच और निगरानी की जा रही है।