चाकूबाजी में घायल पारस की मौत छह आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के आजाद नगर में भंडारे के दौरान  हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लाठी और चाकुओं से किए गए हमले में घायल पारस यादव की इलाज के दौरान सोमवार रात मौत हो गई। घटना में कई अन्य लोग भी घायल हुए थे। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त चाकू और लाठी बरामद कर ली है।रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि रविवार, 25 अक्टूबर की रात आजाद नगर गोकलपुर स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे मरघटाई में भंडारा चल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से बाइक निकालने की बात पर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि कुछ देर बाद समीर वंशकर अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और मोहल्ले में कार्यक्रम आयोजित करने के एवज में पांच हजार रुपये की मांग करने लगा। रुपये देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान चाकू से भी वार किए गए और ईंटें फेंककर हमला किया गया।रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के दौरान फरियादी रविशंकर गोटिया अपने साथियों गंगा ठाकुर और बबलू तिवारी के साथ मंदिर के सामने सड़क पर खड़े थे। तभी समीर वंशकर के बेटे यश के तेज रफ्तार से बाइक निकालने पर उसे वाहन धीरे चलाने के लिए कहा गया। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि बाद में समीर अपने साथी रोहित, यश और छोटू के साथ पहुंचा और पांच हजार रुपये की मांग करने लगा। विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी गई। बीच-बचाव करने पहुंचे मोहल्ले के लोगों को भी निशाना बनाया गया। हमले में पप्पू बर्मन और अनुज कोल को चाकू से चोटें आईं, जबकि अन्य लोगों को लाठी-डंडों और ईंटों से चोट पहुंची। घायलों में पारस यादव सहित कई लोग शामिल थे।घटना में घायल पारस यादव सहित अन्य लोगों को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल भेजा गया था। पारस की हालत गंभीर बनी हुई थी। सोमवार रात उसकी हालत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में समीर वंशकर, रोहित, यश और छोटू सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू और लाठी भी बरामद की है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।