देवी जागरण और भंडारे में खूनी संघर्ष, दो महिलाओं समेत 8 घायल

जबलपुर।रांझी थाना क्षेत्र के आजाद नगर में रविवार रात देवी जागरण और भंडारे के दौरान मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। भंडारे में भीड़ के बीच तेज रफ्तार से बुलेट निकालने पर युवकों को टोका गया तो करीब 15 से 20 मिनट बाद 6 से 7 युवक लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर लौटे और लोगों पर हमला कर दिया। घटना में दो महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मुख्य आरोपी समीर वंशकार सहित अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

भीड़ के बीच तेज रफ्तार से निकाली बुलेट

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात आजाद नगर में दुर्गा उत्सव के समापन पर देवी जागरण और भंडारे का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। इसी दौरान बुलेट सवार दो युवक भीड़ के बीच से तेज रफ्तार में निकले। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें समझाइश दी कि आयोजन में बच्चे और महिलाएं भी हैं, इसलिए बाइक धीमी चलाएं। इसी बात को लेकर दोनों युवकों की लोगों से बहस हो गई। विवाद के बाद युवक वहां से चले गए।

15 मिनट बाद हथियार लेकर लौटे, मची अफरा-तफरी**

आरोप है कि कुछ देर बाद 6 से 7 युवक लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुई मारपीट से आयोजन स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हमले में रवि गोटिंया, रागिनी गोटिंया, पप्पू वर्मा, अनुज कोल, पारस यादव, आदि गोटिंया, बिट्टू झारिया और मनीषा गोटिंया घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

**बीच-बचाव करने पहुंचे लोग भी बने निशाना**

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के मुताबिक, शुरुआती जांच में समीर वंशकार का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पहले चार लोगों के साथ मारपीट की गई। उन्हें बचाने के लिए दूसरे लोग आगे आए तो हमलावरों ने उन्हें भी निशाना बनाया। इस दौरान धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी हैं