भीड़ में युवक की पिटाई से संदिग्ध मौत के बाद बवाल, परिजनों ने थाने में पिटाई का लगाया आरोप, पुलिस से झूमाझपटी


जबलपुर। लार्डगंज थाना अतंर्गत गढ़ा फाटक स्थित महाकाली के दर्शन करने आए शहपुरा से आए एक 27 वर्षीय युवक आकाश चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक की मौत के बाद मामला गरमा गया। परिजनों ने पुलिस पर थाने के भीतर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया, जबकि पुलिस का कहना है कि नशे की हालत में छेड़छाड़ करने पर भीड़ ने युवक को पीटा था। पुलिस उसे सुरक्षा की दृष्टि से थाने लेकर आई थी। देर रात तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर नेशनल अस्पताल में परिजनों और पुलिस के बीच विवाद की स्थिति बन गई। मामले की न्यायिक जांच कराए जाने की बात कही गई है।

मामा के बेटे के साथ निकला था घूमने…….

जानकारी के अनुसार, शहपुरा क्षेत्र के ग्राम भभकी निवासी 27 वर्षीय आकाश चौधरी सोमवार रात करीब 9:30 बजे अपने मामा के बेटे 20 वर्षीय विवेक चौधरी निवासी पिपरिया, के साथ बाइक से जबलपुर पहुंचा था। दोनों गढ़ाफाटक स्थित महाकाली मंदिर में दर्शन करने गए थे। इसी दौरान भीड़ के बीच आकाश के साथ विवाद होने की बात सामने आई।

वीडियो बनाने के दौरान विवाद, थाने ले गई पुलिस……

मृतक के ममेरे भाई विवेक के मुताबिक, मंदिर परिसर में भीड़ के बीच आकाश मोबाइल से वीडियो बना रहा था। इसी दौरान एक महिला सब-इंस्पेक्टर से उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद पुलिस आकाश को लार्डगंज थाने ले गई। विवेक का आरोप है कि जब वह पीछे-पीछे थाने पहुंचा, तो परिसर में खून बिखरा हुआ था और पुलिसकर्मी आकाश के साथ मारपीट कर रहे थे। विवेक के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने उसे घर जाने और सुबह थाने आने के लिए कहा। इसके बाद वह डर के कारण वापस गांव चला गया।

अस्पताल में पुलिस से झूमाझपटी……..

मंगलवार सुबह गांव के कोटवार भूपत ने परिजनों को आकाश की अस्पताल में मौत होने की सूचना दी। इसके बाद परिजन नेशनल अस्पताल पहुंचे। विवेक के आरोपों के आधार पर परिजनों ने पुलिस पर थाने में मारपीट करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस दौरान परिजनों और पुलिसकर्मियों के बीच झूमाझटकी होने की बात भी सामने आई है।

पुलिस का दावा—भीड़ ने की थी मारपीट……….

पुलिस के मुताबिक, गढ़ा फाटक क्षेत्र में नशे की हालत में एक युवक द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की सूचना मिली थी। इस दौरान भीड़ ने युवक के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने उसे सुरक्षा की दृष्टि से लार्डगंज थाने पहुंचाया था। पुलिस का कहना है कि युवक थाने में बेंच पर सो गया था। देर रात तबीयत बिगड़ने पर उसे नजदीकी नेशनल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब एक से डेढ़ घंटे के उपचार के बाद उसकी मौत हो गई।

न्यायिक जांच होगी……….

मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे घटनाक्रम की न्यायिक जांच कराए जाने की बात कही गई है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि मंदिर परिसर में विवाद किन परिस्थितियों में हुआ, युवक के साथ मारपीट किसने की और थाने में उसके साथ किसी तरह की मारपीट हुई थी या नहीं। जांच के तहत गढ़ा फाटक क्षेत्र से लेकर लार्डगंज थाने तक के सीसीटीवी फुटेज जुटाकर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जाएंगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों से युवक की मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।