कुत्ते पर कार चढ़ने के बाद विवाद, विजयनगर में सोनी परिवार से मारपीट

जबलपुर।विजयनगर थाना क्षेत्र में कुत्ते पर कार चढ़ने की घटना के बाद विवाद गहरा गया। मामले में भरत सोनी और उनकी पत्नी सदाफ सोनी ने चेतना भोसले सहित कई लोगों पर घर पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने की बात कही जा रही है।भरत सोनी के अनुसार, दो दिन पहले उनके 22 वर्षीय बेटे माधव सोनी की कार अनजाने में सड़क पर लेटे कुत्ते के ऊपर चढ़ गई थी। उनका कहना है कि बेटे को सड़क पर लेटा कुत्ता ईंट जैसा दिखाई दिया था। घटना के बाद परिवार ने सोसाइटी के लोगों से माफी मांगते हुए कुत्ते का इलाज कराने की बात कही थी।आरोप है कि अगले दिन चेतना भोसले सहित करीब 30 से 50 लोग उनके घर पहुंचे और विवाद करते हुए गाली-गलौज के बाद मारपीट की। भरत सोनी ने दावा किया कि हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके चलते आठ टांके लगाने पड़े। उन्होंने सिर में क्रैक आने की बात भी कही है।भरत सोनी ने बताया कि उन्होंने एमएलसी कराने के साथ विजयनगर थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। उन्होंने आकाश मिश्रा के साथ पुरानी रंजिश का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कुत्ते से जुड़ी घटना को विवाद का रूप देकर उनके साथ मारपीट की गई।वहीं, सदाफ सोनी ने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका आरोप है कि शिकायत वापस नहीं लेने पर दोबारा हमला करने की धमकी दी जा रही है।