जबलपुर। शहर में त्योहारों का माहौल है और बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ रही है। ऐसे में शहर के कई प्रमुख स्थानों पर असुरक्षित तरीके से लगाए गए फ्लेक्स लोगों के लिए खतरा बनते नजर आ रहे हैं। सिविक सेंटर स्थित गुजराती मंडल के सामने हवा में झूल रहे फ्लेक्स को देखकर सवाल उठ रहा है कि यदि तेज हवा के कारण ये किसी राहगीर के ऊपर गिर गए, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
शहर में कई स्थानों पर फ्लेक्स इस तरह लगाए गए हैं कि तेज हवा चलने पर इनके गिरने की आशंका बनी रहती है। त्योहारों के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लोगों की भीड़ को देखते हुए यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
इन इलाकों में भी खतरा……….
सिविक सेंटर, मालवीय चौक, गढ़ा फाटक, गंजीपुरा, सुपर मार्केट, बड़ा फुहारा, ,, कांचघर, घमापुर, बड़ी ओमती, , रामपुर, आदर्श नगर, गोरखपुर और आधारताल सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लेक्स लगाए गए हैं। इनकी सुरक्षा और नियमों के पालन की जांच किए जाने की जरूरत है।
नगर निगम की कार्रवाई जरूरी………
नगर निगम को चाहिए कि वह शहर में लगे फ्लेक्स का निरीक्षण कराए और नियमों के विरुद्ध या असुरक्षित तरीके से फ्लेक्स लगाने वालों को चिन्हित करे। संबंधित नियमों के तहत जिम्मेदार लोगों पर जुर्माना लगाने के साथ खतरनाक फ्लेक्स तत्काल हटाए जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
सवाल यह है कि क्या किसी हादसे के बाद ही जिम्मेदार विभाग जागेंगे, या त्योहारों के दौरान लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समय रहते कार्रवाई की जाएगी? नगर निगम और संबंधित अधिकारियों को इस मामले में गंभीरता दिखाने की जरूरत है।