जबलपुर। नगर निगम मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार की संवेदनशील पहल देखने को मिली। अपनी समस्या लेकर पहुंचे एक दिव्यांग आवेदक की बात सुनने के लिए निगमायुक्त अपनी कुर्सी छोड़कर जमीन पर बैठ गए और आत्मीयता के साथ उसकी पूरी बात सुनी। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्या के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
निगमायुक्त के इस व्यवहार ने जनसुनवाई में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान सुशासन के साथ मानवीय संवेदनशीलता का संदेश भी सामने आया।
नगर निगम मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 42 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें अतिक्रमण, राजस्व, स्वास्थ्य, कॉलोनी सेल, जल विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं। निगमायुक्त ने प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।